Lionel Messi World Record: अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मेसी ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. ऑस्ट्रिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में गोल दागकर मेसी फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं.
डलास में खेले गए ग्रुप-जे मुकाबले में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रिया का सामना किया. इस मैच में मेसी ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. यह उनके वर्ल्ड कप करियर का 17वां गोल था और इसी के साथ उन्होंने सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
मिरोस्लाव क्लोस को छोड़ा पीछे
38 वर्षीय मेसी ने जर्मनी के पूर्व दिग्गज स्ट्राइकर मिरोस्लाव क्लोस का रिकॉर्ड तोड़ दिया. क्लोस ने वर्ल्ड कप में 16 गोल किए थे, जबकि मेसी अब 17 गोल के साथ इस सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं.
लगातार छह मैचों में किया गोल
इस गोल के साथ मेसी ने लगातार छह वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने का कारनामा भी किया. उन्होंने फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के जैरजिन्हो के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
पेनल्टी चूकने के बाद रचा इतिहास
मैच के शुरुआती मिनटों में अर्जेंटीना को पेनल्टी मिली थी. मेसी के पास रिकॉर्ड बनाने का मौका था, लेकिन वह पेनल्टी को गोल में नहीं बदल सके. हालांकि बाद में उन्होंने शानदार गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई और इतिहास रच दिया.
पहले मैच में भी बनाया था बड़ा रिकॉर्ड
मौजूदा वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले में मेसी ने हैट्रिक लगाकर नया कीर्तिमान बनाया था. 38 साल की उम्र में वह वर्ल्ड कप इतिहास में हैट्रिक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने थे.
रोनाल्डो का रिकॉर्ड भी तोड़ा
अर्जेंटीना के लिए यह मेसी की 11वीं अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक थी. इसके साथ ही उन्होंने रोनाल्डो के 10 अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. अब पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज्यादा हैट्रिक लगाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है.
लगातार रिकॉर्ड बना रहे हैं मेसी
38 साल की उम्र में भी मेसी का शानदार प्रदर्शन जारी है. वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड हासिल कर उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं.