Narendra Modi Uzbekistan Visit: उज्बेकिस्तान की यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताशकंद के कुछ छात्रों का वीडियो देखा. इस वीडियो में उज्बेकिस्तान के युवा छात्र हिंदी में प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत करते नजर आए. छात्रों का यह अंदाज पीएम मोदी को काफी पसंद आया.
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उज्बेकिस्तान के अपने युवा दोस्तों का उत्साह देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई. उन्होंने खास तौर पर छात्रों के हिंदी में अपनी भावनाएं जाहिर करने की तारीफ की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की दो देशों की यात्रा पर हैं.
पीएम मोदी ने छात्रों के लिए क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उज्बेकिस्तान की यात्रा शुरू करने से पहले उन्हें वहां के युवा दोस्तों का उत्साह देखकर खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि छात्रों ने वीडियो में अपनी भावनाओं को बहुत अच्छे तरीके से जाहिर किया है और इसे खास बनाने वाली बात यह है कि उन्होंने यह सब हिंदी में कहा. वीडियो में ताशकंद के कई छात्र बारी-बारी से प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते दिखाई दे रहे हैं.
As I am about to begin my Uzbekistan visit, I am very happy to see the enthusiasm of my young friends from Uzbekistan, beautifully expressed in this video.
— Narendra Modi (@narendramodi) August 29, 2026
What makes it even more special is the fact that they did it in Hindi and they did it so well! pic.twitter.com/7OReBVEfDB
छात्रों ने हिंदी में क्या कहा?
एक छात्र ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि ताशकंद में आपका स्वागत है. उसने अपना नाम समंदर बताया और कहा कि ताशकंद के छात्र प्रधानमंत्री के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. छात्र ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी, ताशकंद आपका इंतजार कर रहा है. एक अन्य छात्र ने कहा कि ताशकंद की धरती प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए तैयार है और सभी उनकी खूबसूरत मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं.
एक छात्र ने भारत की संस्कृति और हिंदी भाषा को लेकर अपनी रुचि भी बताई. उसने कहा कि वे हिंदी सीख रहे हैं और भारत की संस्कृति से काफी प्रभावित हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का ताशकंद में स्वागत करने की उत्सुकता भी जताई. एक अन्य छात्र ने भारत और उज्बेकिस्तान की दोस्ती को खास बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते उनके लिए काफी महत्वपूर्ण हैं और वे प्रधानमंत्री मोदी के ताशकंद आने का इंतजार कर रहे हैं.
दो देशों की यात्रा पर पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की दो देशों की यात्रा के लिए रवाना हुए. उन्होंने कहा है कि इस यात्रा से मध्य एशिया में भारत के रणनीतिक संबंध और मजबूत होंगे.
यात्रा के पहले चरण में पीएम मोदी उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर दो दिन के दौरे पर ताशकंद जाएंगे. प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी तेजी से आगे बढ़ी है.
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी. इसके अलावा दोनों देश भारत और उज्बेकिस्तान के विकास से जुड़े साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी बात करेंगे.
शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र भी जाएंगे
ताशकंद में प्रधानमंत्री मोदी शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में मौजूद महात्मा गांधी केंद्र भी जाएंगे. पीएम मोदी ने इन जगहों को दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंधों का प्रतीक बताया है.
यह प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा होगी. इससे पहले वह 2015 में उज्बेकिस्तान गए थे. इसके बाद 2016 और 2022 में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भी उन्होंने वहां का दौरा किया था.
भारत और उज्बेकिस्तान के बीच पिछले कुछ वर्षों में द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग लगातार बढ़ा है. उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव 2018 में भारत की राजकीय यात्रा पर आए थे. इसके अलावा उन्होंने 2019 में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में भी हिस्सा लिया था.
ताशकंद के बाद बिश्केक जाएंगे पीएम मोदी
उज्बेकिस्तान का दौरा पूरा करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे. वहां वह किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर 26वें शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे.
यह सम्मेलन शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना के 25 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को मध्य एशिया के देशों के साथ भारत के राजनीतिक, आर्थिक, रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
ये भी पढ़ें- आंख के सामने प्रलय, पत्थर बनी महिला... नेपाल से आई दिल दहलाने वाली तस्वीर, देखें वायरल वीडियो