UP Student Scholarship Distribution: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने इस बार नवरात्रि को खास बनाने का फैसला किया है, खासतौर पर स्कूली विद्यार्थियों के लिए. पहली बार ऐसा हो रहा है जब राज्य सरकार सितंबर महीने में ही छात्रवृत्ति वितरण शुरू कर रही है, जबकि अब तक यह प्रक्रिया दिसंबर से आगे खिसकती रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 सितंबर को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक समारोह में इस योजना की औपचारिक शुरुआत करेंगे. इस मौके पर करीब 1,500 छात्रों को सीएम स्वयं छात्रवृत्ति वितरित करेंगे, जिससे पहले चरण में कुल 3.95 लाख छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा.
इस बार क्या है खास?
छात्रवृत्ति का वितरण दिसंबर के बजाय सितंबर में ही शुरू किया जा रहा है. यह पहल पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रों के लिए की जा रही है. इस योजना में अब तक आए आवेदन (7 सितंबर तक) को शामिल किया गया है.
कौन-कौन होंगे लाभार्थी?
पहले चरण में लाभ पाने वाले 3,95,646 विद्यार्थियों में शामिल हैं:
पिछड़ा वर्ग: 2,60,646 विद्यार्थी
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और गरीब सवर्ण: शेष छात्र
यानी, योजना समावेशी है और समाज के सभी ज़रूरतमंद वर्गों को कवर करती है.
योजना के पीछे सोच क्या है?
तीनों प्रमुख कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और समाज कल्याण विभाग ने मिलकर एक संयुक्त रणनीति बनाई है, जिससे छात्रवृत्ति प्रक्रिया में समयबद्धता और पारदर्शिता लाई जा सके. पहले यह वितरण 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) को होना था, लेकिन अब तारीख 26 सितंबर कर दी गई है.
आगे क्या?
31 दिसंबर 2025 तक दूसरे चरण में शेष छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति मिल जाएगी. जो विद्यार्थी पहले चरण में छूट गए हैं, उन्हें भी द्वितीय चरण में शामिल किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- UP: योगी सरकार ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया में किया बड़ा बदलाव, यहां जानें नए नियम