UP Outsource Seva Nigam: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को लेकर एक अहम और ऐतिहासिक कदम उठाया है. अब राज्य के सभी सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग के ज़रिए होने वाली भर्तियां सिर्फ अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से होंगी. इस फैसले से न केवल कर्मचारियों को सुरक्षा और सम्मान मिलेगा, बल्कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सिस्टम की मजबूती भी सुनिश्चित होगी.
उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन
सरकार ने इस प्रक्रिया को व्यवस्थित और केंद्रीकृत करने के लिए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPOC) नामक एक नए निकाय का गठन किया है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आउटसोर्स कर्मचारियों की भर्ती एक समान प्रक्रिया से हो, जिसमें भ्रष्टाचार और भेदभाव की कोई गुंजाइश न हो.
कर्मचारियों के अधिकार होंगे सुनिश्चित
नई व्यवस्था के तहत अब आउटसोर्स कर्मचारियों को EPF (भविष्य निधि) और ESIC (स्वास्थ्य बीमा) जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से मिलेंगी. साथ ही सभी कर्मचारियों को हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खातों में वेतन दिया जाएगा.
प्रशिक्षण और दक्षता विकास पर भी होगा फोकस
सरकार सिर्फ भर्ती तक ही सीमित नहीं रही है, बल्कि सभी कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर उनकी कौशल वृद्धि और दक्षता को भी बढ़ाने पर ज़ोर दिया जाएगा. इससे न सिर्फ कर्मचारी खुद को अपग्रेड कर सकेंगे, बल्कि उनकी कार्यक्षमता में भी सुधार होगा.
भर्ती में मनमानी और भ्रष्टाचार पर लगेगी रोक
इस नई प्रणाली से भर्ती प्रक्रिया में मनमानी और अपारदर्शिता पर भी अंकुश लगेगा. पहले कई विभागों में निजी आउटसोर्स एजेंसियों के ज़रिए भर्ती में अनियमितताएं देखी गई थीं, जिनमें वेतन में कटौती, समय पर भुगतान न होना और कानूनी अधिकारों की अनदेखी आम बात थी. अब इन समस्याओं पर प्रभावी रोक लग सकेगी.
युवाओं को मिलेगा सुरक्षित रोजगार का भरोसा
योगी सरकार के इस कदम से राज्य के युवाओं को भरोसेमंद और सुरक्षित रोजगार मिलने का रास्ता साफ होगा. पारदर्शी प्रणाली और जवाबदेही तय होने से उम्मीदवारों को बिना किसी दबाव या पक्षपात के काम करने का अवसर मिलेगा.
ये भी पढ़ें: दीपोत्सव पर अयोध्या को मिलेगा 1700 करोड़ का तोहफा, CM योगी आदित्यनाथ 50 योजनाओं को दिखाएंगे झंडी