लखनऊ: वर्ष 2026 उत्तर प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक साल साबित होगा. इस साल प्रदेश में कई बड़े बदलाव और विकासात्मक योजनाएं लागू होंगी, जो न केवल राज्य के आर्थिक विकास को गति देंगी, बल्कि आम जनता की जीवनशैली को भी बेहतर बनाएंगी. युवाओं को सरकारी नौकरियों के नए अवसर, राज्य की सबसे बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का शुभारंभ और निवेश के नए आयाम इस साल प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे.
युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के नए अवसर
उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए इस साल सरकारी नौकरियों की कोई कमी नहीं होने वाली है. पुलिस विभाग में 30 हजार आरक्षी और 5000 सब इंस्पेक्टरों की भर्ती की जाएगी. इसके अलावा विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी. शिक्षा विभाग में 50 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का अवसर मिलेगा, जिसमें सहायक अध्यापक से लेकर प्रधानाचार्य तक के पद शामिल हैं. इसके अलावा राजस्व, कारागार, स्वास्थ्य, बाल विकास और आवास विकास जैसे महत्वपूर्ण विभागों में कुल 30 हजार पदों पर भर्ती की जाएगी.
जेवर एयरपोर्ट: देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा
दिल्ली से सटे जेवर में जल्द ही देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार होगा. इस एयरपोर्ट का निर्माण 3300 एकड़ जमीन पर किया गया है और इसकी लागत लगभग 7000 करोड़ रुपये रही है. शुरुआत में एक रनवे के साथ काम शुरू होगा, लेकिन भविष्य में यहां पांच रनवे होंगे. इसकी सालाना क्षमता एक करोड़ यात्रियों की होगी और हर दिन औसतन 150 उड़ानें संचालित होंगी.
गंगा एक्सप्रेसवे: प्रदेश की सबसे बड़ी सड़क परियोजना
उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना गंगा एक्सप्रेसवे इस साल शुरू होने जा रही है. यह एक्सप्रेसवे राज्य के 12 जिलों और 518 गांवों से होते हुए मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा. इसकी कुल लंबाई करीब 594 किमी होगी, और इसकी निर्माण लागत 36,230 करोड़ रुपये है. इस परियोजना से न केवल यात्रा का समय घटेगा, बल्कि राज्य की आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी.
5 लाख करोड़ का निवेश
वर्ष 2026 में उत्तर प्रदेश सरकार पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी) का आयोजन करने जा रही है, जिसके तहत 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक की निवेश परियोजनाएं शुरू की जाएंगी. इससे पहले भी चार बार इस आयोजन के तहत 15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रदेश में आए हैं, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है.
वैश्विक निवेश सम्मेलन
उत्तर प्रदेश सरकार 2026 में एक और वैश्विक निवेश सम्मेलन आयोजित करने की योजना बना रही है. 2023 में 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों को देखते हुए, 2026 में यह सम्मेलन और भी भव्य और प्रभावशाली हो सकता है. औद्योगिक विकास विभाग और इन्वेस्ट यूपी द्वारा इस सम्मेलन के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है.
निवेश मित्र 3.0: आसान बिजनेस प्रक्रिया
राज्य सरकार अब निवेशकों के लिए निवेश मित्र 3.0 प्लेटफॉर्म लाने जा रही है, जो ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और अधिक सरल और तेजी से लागू करने में मदद करेगा. यह नया संस्करण निवेशकों के लिए एक ऑनलाइन सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम होगा, जिसमें कई नवाचारों को जोड़ा जाएगा, जिससे निवेशकों को प्रदेश में अपना व्यवसाय स्थापित करने में कोई परेशानी नहीं होगी.
आयुष अस्पतालों में सर्जरी की सुविधा
उत्तर प्रदेश में इस साल आयुष अस्पतालों में 53 प्रकार की सर्जरी की सुविधा शुरू की जाएगी. इससे एलोपैथिक अस्पतालों पर दबाव कम होगा और मरीजों को छोटी-मोटी सर्जरी के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. इस सुविधा से स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में सुधार होगा और लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा.
दवाओं की कालाबाजारी पर सख्ती
राज्य सरकार दवाओं की कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त नियमों को लागू करने जा रही है. खासतौर पर कोडीनयुक्त कफ सिरप और एनडीपीएस श्रेणी की दवाओं की कालाबाजारी पर काबू पाया जाएगा. इसके लिए दवाओं के थोक प्रतिष्ठानों की जियो टैगिंग, भंडारण क्षमता और खरीद-बिक्री के विवरण के फोटो और वीडियो को अनिवार्य किया जाएगा.
साइबर अपराध पर नियंत्रण
साइबर अपराध और ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए राज्य सरकार कॉल सेंटर की क्षमता को दोगुना करने जा रही है. फिलहाल डायल 112 पर तीन शिफ्ट में 20-20 कर्मचारियों का स्टाफ रहता है, लेकिन इसे बढ़ाकर 30-30 कर्मचारी किया जाएगा, ताकि साइबर अपराध पर जल्दी से रोक लगाई जा सके.
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का निर्माण इस साल फरवरी में पूरा हो जाएगा. यह एक्सप्रेसवे 63 किमी लंबा होगा और इसकी लागत लगभग 4700 करोड़ रुपये है. इसके बनने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट से कानपुर तक का सफर तीन घंटे के बजाय सिर्फ 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.
ये भी पढ़ें: यूपी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी! स्मार्ट प्रीपेड मीटर का कनेक्शन हुआ सस्ता