Nautapa News: देशभर में भीषण गर्मी के बीच सोमवार (25 मई) से नौतपा की शुरुआत हो गई है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वी यूपी के कई इलाकों में तेज लू चलने और रात में भी गर्मी बने रहने की चेतावनी जारी की है.
बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, बांदा सोमवार को एक बार फिर देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया. यहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है.
इसके अलावा झांसी में 46 डिग्री, उरई में 45.8 डिग्री, आगरा में 45.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.4 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है.
क्या होता है नौतपा?
नौतपा को साल का सबसे गर्म दौर माना जाता है. यह नौ दिनों की वह अवधि होती है जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है और गर्मी अपने चरम पर पहुंच जाती है. हालांकि मौसम वैज्ञानिक इसे सीधे वैज्ञानिक घटना नहीं मानते, लेकिन इस दौरान उत्तर और मध्य भारत में तापमान में तेज बढ़ोतरी आम बात होती है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक तापमान में ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. हालांकि सप्ताह के आखिर तक कुछ इलाकों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक गिर सकता है.
सरकार ने जारी की एडवाइजरी
भीषण गर्मी को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है. लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है. इसके अलावा हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और मौसमी फल व तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है.
गर्मी से राहत के लिए किए जा रहे खास इंतजाम
राजधानी लखनऊ में तेज धूप से बचाव के लिए हजरतगंज इलाके के ट्रैफिक सिग्नलों पर हरे रंग के शेड लगाए गए हैं, ताकि रेड लाइट पर रुकने वाले लोगों को राहत मिल सके. वहीं 1090 चौराहे के पास सड़कों पर पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है ताकि आसपास का तापमान कम हो सके.
ट्रांसफार्मर को ठंडा रखने के लिए लगाया गया पंखा
गोंडा जिले में बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मरों को ओवरहीट होने से बचाने के लिए अनोखा तरीका अपनाया है. ट्रांसफार्मर के पास बड़े पंखे लगाए गए हैं और लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है. विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि हर आधे घंटे में ट्रांसफार्मर को ठंडा किया जा रहा है ताकि बढ़ती बिजली मांग के बीच सिस्टम फेल न हो.
ये भी पढ़ें- बकरीद से पहले जान लें ये नियम, कुर्बानी को लेकर दिल्ली सरकार ने जारी की एडवाइजरी; देखें VIDEO