'जनता सपा को हमेशा के लिए साफ कर देगी... योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, जानें क्या कहा

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए सत्ता की दौड़ से बाहर कर देगी.

Uttar Pradesh public will wipe out the SP forever Yogi Adityanath targets Akhilesh Yadav
Image Source: Social Media

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए सत्ता की दौड़ से बाहर कर देगी.

लखनऊ में मध्याह्न भोजन योजना से जुड़े रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस इलाज के कार्ड बांटने के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बोल रहे थे. इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार की योजनाओं का जिक्र किया और सपा पर गरीबों की अनदेखी करने का आरोप लगाया.

रसोइयों के लिए कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरकारी प्राथमिक स्कूलों में बच्चों के लिए खाना बनाने वाले रसोइयों को सरकार सामाजिक सुरक्षा देने का काम कर रही है. उन्होंने रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ दुर्घटना होने पर 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की बात कही. इसके अलावा 5 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा और साड़ी खरीदने के लिए मिलने वाली राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये करने की घोषणा की.

'सपा के एजेंडे में गरीब नहीं थे'

योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि गरीबों के लिए ऐसे काम पहले भी किए जा सकते थे, लेकिन पिछली सरकारों ने इस वर्ग को प्राथमिकता नहीं दी.

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें 'बबुआ' कहकर संबोधित किया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी परिवार के लोगों के सांसद होने की वजह से नहीं, बल्कि जनता के फैसले की वजह से जानी जाएगी. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अगले चुनाव में जनता सपा को हमेशा के लिए साफ कर देगी.

अखिलेश यादव के रूटीन पर भी निशाना

सीएम योगी ने अखिलेश यादव की दिनचर्या पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि अगर कोई दोपहर में उठता है, दोपहर बाद तैयार होता है और शाम को व्यायाम या दूसरी गतिविधियों में समय बिताता है, तो उसके पास प्रदेश के लिए समय कैसे होगा. उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का पूरा ध्यान प्रदेश के विकास और आम लोगों की समस्याओं को दूर करने पर है.

2017 से पहले के यूपी का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की समाजवादी पार्टी सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय गरीबों की जमीन पर कब्जे होते थे, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी और प्रदेश में दंगे होते थे. योगी ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू की स्थिति नहीं है. कानून-व्यवस्था बेहतर होने से प्रदेश में विकास की रफ्तार भी बढ़ी है.

स्कूलों में सुधार का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले बेसिक शिक्षा परिषद के कई स्कूलों की हालत खराब थी. अब सरकार 'ऑपरेशन कायाकल्प' के जरिए स्कूलों की स्थिति सुधारने पर काम कर रही है.

उन्होंने बताया कि स्कूलों में 19 अलग-अलग मानकों के आधार पर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. सरकार का लक्ष्य बच्चों को बेहतर शिक्षा और स्कूलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

अखिलेश यादव ने आरक्षण को लेकर बीजेपी पर बोला था हमला

योगी के बयान से एक दिन पहले अखिलेश यादव ने बीजेपी पर आरक्षण को लेकर निशाना साधा था. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि आरक्षण पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा. अखिलेश ने आरोप लगाया था कि बीजेपी आरक्षण खत्म करना चाहती है. 

उन्होंने कहा था कि आरक्षण PDA समाज का अधिकार है और 'समीक्षा' व 'सुधार' जैसे शब्दों के जरिए आरक्षण को लेकर भ्रम पैदा किया जा रहा है. ऐसे में यूपी की राजनीति में सत्तारूढ़ बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर एक बार फिर तेज होता दिखाई दे रहा है.

ये भी पढ़ें- नोएडा में 4 सितंबर तक धारा 163, 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर रोक, जानें पूरी जानकारी