Noida News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे गौतमबुद्धनगर जिले में 13 दिनों के लिए BNSS की धारा 163 लागू कर दी गई है. यह आदेश 23 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा.
पुलिस ने त्योहारों, NEET PG परीक्षा और संभावित धरना-प्रदर्शनों को देखते हुए यह फैसला लिया है. इस दौरान बिना अनुमति सार्वजनिक जगह पर पांच या उससे ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी. किसी भी तरह का जुलूस या प्रदर्शन करने के लिए पुलिस से पहले अनुमति लेनी होगी.
कई बड़े त्योहारों को देखते हुए लिया फैसला
इन 13 दिनों के दौरान कई महत्वपूर्ण त्योहार आने वाले हैं. 26 अगस्त को ईद-ए-मिलाद, 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 4 सितंबर को जन्माष्टमी मनाई जाएगी. इसके अलावा 30 अगस्त को NEET PG 2026 की परीक्षा भी होनी है. ऐसे में पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से ही कई तरह की पाबंदियां लागू की हैं.
रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पर रोक
धारा 163 के दौरान रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी. धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज भी तय सीमा में रखनी होगी. मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और चर्च में लगे लाउडस्पीकर की आवाज परिसर तक ही सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं. सार्वजनिक जगह या सड़क पर बिना अनुमति नमाज, पूजा, जुलूस या किसी धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सकेगा.
हथियार लेकर चलने पर भी रहेगी रोक
पुलिस ने लाठी-डंडे, तलवार, चाकू, त्रिशूल और दूसरे खतरनाक हथियार लेकर चलने या उन्हें सार्वजनिक जगह पर दिखाने पर भी रोक लगाई है. ऐसी जगहों पर कोई नई धार्मिक परंपरा शुरू करने की भी अनुमति नहीं होगी, जहां पहले से इस तरह की परंपरा नहीं रही है. इसके अलावा धार्मिक भावनाएं भड़काने, धर्मग्रंथों का अपमान करने और धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति झंडे, पोस्टर या बैनर लगाने पर भी रोक रहेगी.
NEET PG परीक्षा के लिए भी खास नियम
30 अगस्त को होने वाली NEET PG 2026 परीक्षा को लेकर भी पुलिस ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं. परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे ज्यादा लोगों के जमा होने पर रोक रहेगी. परीक्षा से एक दिन पहले और परीक्षा वाले दिन परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट मशीन चलाने पर भी पाबंदी रहेगी.
पुलिस का कहना है कि इन नियमों का मकसद त्योहारों और परीक्षा के दौरान शांति बनाए रखना और किसी भी तरह की परेशानी से बचना है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आदेशों का पालन करें और बिना अनुमति किसी तरह का आयोजन या प्रदर्शन न करें.
ये भी पढ़ें- El Nino: 2027 में झुलसने वाली है धरती! हो सकता है अब तक का सबसे गर्म साल, भारत समेत दुनियाभर में असर