कैलाश मानसरोवर यात्रा करने वालों के लिए खुशखबरी, यूपी सरकार देगी 1 लाख रुपये, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन

कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने वाले उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार ने तीर्थयात्रियों को आर्थिक सहायता देने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है.

uttar-pradesh-kailash-mansarovar-subsidy-online-application-process-started
Image Source: ANI

लखनऊ: कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने वाले उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार ने तीर्थयात्रियों को आर्थिक सहायता देने की अपनी महत्वाकांक्षी योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. इस योजना के अंतर्गत पात्र श्रद्धालुओं को एक लाख रुपये की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी. धर्मार्थ कार्य विभाग ने सभी योग्य यात्रियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है ताकि वे इस सरकारी सुविधा का लाभ उठा सकें.

तीर्थयात्रियों को मिलेगा एक लाख रुपये का आर्थिक सहयोग

उत्तर प्रदेश सरकार लंबे समय से कैलाश मानसरोवर यात्रा करने वाले प्रदेशवासियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है. इस योजना का उद्देश्य धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं का आर्थिक बोझ कम करना और उन्हें प्रोत्साहित करना है. योजना के तहत केवल उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले तीर्थयात्री ही अनुदान के लिए आवेदन कर सकते हैं. पात्र पाए जाने पर प्रत्येक लाभार्थी को 1 लाख रुपये की सहायता राशि उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी.

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया हुई शुरू

धर्मार्थ कार्य विभाग ने बताया है कि अनुदान प्राप्त करने के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. इसके लिए यात्रियों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट http://www.updharmarthkarya.in पर जाकर आवेदन करना होगा. महत्वपूर्ण बात यह है कि यात्रा पूरी होने की तारीख से 90 दिनों के भीतर आवेदन करना अनिवार्य होगा. निर्धारित समय सीमा के बाद किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.

आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?

ऑनलाइन आवेदन करते समय तीर्थयात्रियों को कई जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. इनमें पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट और वीजा की प्रति, बैंक खाते का विवरण, कैलाश मानसरोवर यात्रा पूर्ण करने का प्रमाण पत्र तथा विभाग द्वारा मांगे गए अन्य आवश्यक अभिलेख शामिल हैं. सभी दस्तावेज सही और स्पष्ट होने चाहिए ताकि आवेदन की जांच में किसी प्रकार की परेशानी न आए.

पहला जत्था लौट चुका है यात्रा पूरी करके

इस वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला जत्था 15 जून को गाजियाबाद के इंदिरापुरम से रवाना हुआ था. यात्रा सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद श्रद्धालु 2 जुलाई को वापस लौट आए. अब इस जत्थे में शामिल पात्र तीर्थयात्री राज्य सरकार की अनुदान योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन कर सकते हैं. विभाग ने ऐसे सभी श्रद्धालुओं से समय पर आवेदन करने का आग्रह किया है.

समय सीमा का रखें विशेष ध्यान

धर्मार्थ कार्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुदान योजना का लाभ केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगा जो यात्रा पूरी होने के बाद तय समय सीमा के भीतर आवेदन करेंगे. इसलिए पात्र श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करें.

ये भी पढ़ें: क्‍या कांग्रेस या सपा जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा पाएंगे? अयोध्‍या में गरजे सीएम योगी