अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने करीब 432 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी और जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला.
जामा मस्जिद और हनुमान चालीसा का किया जिक्र
बीकापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि आज अयोध्या पूरी तरह बदल चुकी है. पहले यहां सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, लेकिन अब तस्वीर बदल गई है.
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग आस्था की बात करते हैं, उन्होंने पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकता है? क्या कांग्रेस या समाजवादी पार्टी ऐसा कर पाएगी?
अयोध्या एयरपोर्ट को लेकर भी विपक्ष पर हमला
सीएम योगी ने कहा कि जब सरकार की नीयत साफ होती है तो विकास के काम तेजी से आगे बढ़ते हैं. उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और हनुमान जी की कृपा से अयोध्या लगातार आगे बढ़ रही है.
उन्होंने कहा कि एक समय था जब लोग सोचते थे कि अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा नहीं बन सकता. समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध किया और लोगों को गुमराह किया. लेकिन आज महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश के कई बड़े शहरों से जुड़ चुका है.
निषादराज और विकास कार्यों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में निषादराज गृह बनाया गया है और श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज की मुलाकात को दर्शाने वाली भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है.
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इन कामों का विरोध इसलिए करता है क्योंकि वह अपने शासनकाल में ऐसे कार्य नहीं कर पाया.
राम मंदिर को लेकर भी बोले सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण में कई बार बाधाएं खड़ी कीं. उन्होंने आरोप लगाया कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं और अयोध्या की पहचान को कमजोर करने की कोशिश की गई.
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया और इसे कोई नहीं रोक सका.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अयोध्या विकास और आस्था, दोनों का बड़ा केंद्र बन चुकी है और सरकार यहां लगातार नए विकास कार्य कर रही है.
ये भी पढ़ें- फिर हो गई कोरोना की वापसी? आंध्र प्रदेश में कोविड से दो लोगों की मौत, 4 नए संक्रमित मिले, अलर्ट जारी