लखनऊ: नववर्ष के साथ ही उत्तर प्रदेश कृषि विभाग ने कृषक भाइयों के लिए एक खुशखबरी दी है. अब वे कृषि यंत्रों पर 50 से 80 प्रतिशत तक अनुदान प्राप्त कर सकते हैं. कृषि यंत्रों की बुकिंग प्रक्रिया विभागीय पोर्टल पर पुनः शुरू हो चुकी है. किसानों को इन यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए 21 जनवरी तक का समय दिया गया है, ताकि वे इस अनुदान का लाभ उठा सकें.
कृषि यंत्रों पर अनुदान
उत्तर प्रदेश में किसानों को कृषि यंत्रों के लिए दी जाने वाली अनुदान राशि की सीमा 50 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक है. कृषि विभाग द्वारा शुरू की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि उनकी उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो और खेती अधिक उन्नत हो सके.
कृषि यंत्रों की बुकिंग के लिए पोर्टल पर प्रक्रिया
कृषि विभाग द्वारा संचालित सब मिशन आन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत, अब किसानों को फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, हाई-टेक हब फार कस्टम हायरिंग, कृषि ड्रोन जैसे अत्याधुनिक कृषि यंत्रों की बुकिंग की सुविधा प्राप्त होगी. इस योजना के तहत, किसानों को इन यंत्रों की बुकिंग करने के लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा.
फसल अवशेष प्रबंधन और कृषि रक्षा उपकरणों पर भी अनुदान
इसके अलावा, प्रमोशन आफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फार इन-सीटू मैनेजमेंट आफ क्राप रेजिड्यू योजना के तहत फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े कृषि यंत्रों और कृषि रक्षा उपकरणों पर भी अनुदान दिया जाएगा. यह योजना किसानों को कृषि अवशेषों के प्रबंधन और कृषि रक्षा के लिए आधुनिक यंत्रों का उपयोग करने में मदद करेगी.
ये भी पढ़ें: School Closed: नोएडा में फिर बढ़ी स्कूल की छुट्टियां, दिल्ली-NCR में ठंड और शीत लहर का सितम जारी