UP Roadways Smart Card: परिवहन निगम अब यात्रियों की सुविधा के लिए स्मार्ट कार्ड सिस्टम शुरू करने जा रहा है. मासिक पास यानी एमएसटी बनवाने वाले यात्रियों को अब चिप वाला स्मार्ट कार्ड दिया जाएगा.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्रियों को हर महीने नया पास बनवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. वे अपने कार्ड को आसानी से रीचार्ज कर सकेंगे. इससे छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को काफी राहत मिलेगी.
पूरी प्रक्रिया होगी ऑनलाइन
अब तक एमएसटी बनवाने के लिए यात्रियों को आधार कार्ड, हाईस्कूल प्रमाण पत्र और फोटो लेकर रोडवेज बस स्टेशन जाना पड़ता था. इसमें काफी समय लगता था और लंबी प्रक्रिया से लोगों को परेशानी होती थी. नई व्यवस्था में मासिक पास बनाने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी, जिससे लोगों का समय बचेगा और काम आसान हो जाएगा.
महानगरों की तरह मिलेगा फायदा
परिवहन विभाग का कहना है कि महानगरों की तरह अब यहां भी स्मार्ट कार्ड सिस्टम लागू किया जा रहा है. यात्री एक बार कार्ड बनवाने के बाद जरूरत के अनुसार उसमें रीचार्ज करा सकेंगे. स्मार्ट कार्ड में बैलेंस मौजूद होने पर मशीन खुद टिकट जनरेट कर देगी.
परिचालकों को मिलेंगी नई मशीनें
बस परिचालकों को नई ईटीएम मशीनें दी जाएंगी. इन मशीनों की मदद से वे आसानी से जांच सकेंगे कि यात्री का मासिक पास वैध है या नहीं. जैसे ही कार्ड मशीन से टच किया जाएगा, पूरी जानकारी सामने आ जाएगी.
रोजाना सफर करने वालों को होगी राहत
अकबरपुर डिपो से हर महीने बड़ी संख्या में छात्र और नौकरीपेशा लोग एमएसटी बनवाते हैं. ऐसे में स्मार्ट कार्ड सिस्टम शुरू होने से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी. अब बार-बार नया पास बनवाने के बजाय सिर्फ कार्ड रीचार्ज कराना होगा.
ये भी पढ़ें- स्वीडन में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, आसमान में फाइटर जेट ने किया एस्कॉर्ट; देखें VIDEO