स्वीडन में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, आसमान में फाइटर जेट ने किया एस्कॉर्ट; देखें VIDEO

PM Modi Sweden Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के तीसरे चरण में रविवार शाम स्वीडन पहुंचे. नीदरलैंड दौरे के बाद जब प्रधानमंत्री मोदी का विमान स्वीडन के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तब स्वीडिश ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एयर एस्कॉर्ट दिया.

Grand welcome for PM Modi in Sweden fighter jet escorted in the sky watch video
Image Source: ANI

PM Modi Sweden Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों की अपनी यात्रा के तीसरे चरण में रविवार शाम स्वीडन पहुंचे. नीदरलैंड दौरे के बाद जब प्रधानमंत्री मोदी का विमान स्वीडन के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तब स्वीडिश ग्रिपेन लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एयर एस्कॉर्ट दिया. गोथेनबर्ग एयरपोर्ट पर स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन ने खुद प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया.

भारत-स्वीडन के बीच कई मुद्दों पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री मोदी की यह दो दिवसीय स्वीडन यात्रा काफी अहम मानी जा रही है. इस दौरान वह अपने स्वीडिश समकक्ष के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. दोनों देशों के बीच व्यापार, हरित ऊर्जा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नई तकनीक, स्टार्टअप, रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके अलावा दोनों देश लोगों के बीच संबंध और सप्लाई चेन को मजबूत करने पर भी फोकस करेंगे.

यूरोपीय उद्योग मंच को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री मिलकर यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे. इस कार्यक्रम में उर्सुला वॉन डेर लेयेन भी मौजूद रहेंगी. यह मंच यूरोप के बड़े उद्योग समूहों का अहम व्यापारिक मंच माना जाता है.

नीदरलैंड यात्रा में हुए 17 समझौते

स्वीडन पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड  का दौरा किया था. एम्स्टर्डम एयरपोर्ट पर नीदरलैंड के प्रधानमंत्री रोब जेट्टेन खुद उन्हें विदाई देने पहुंचे. नीदरलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज और कई दूसरे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 17 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए. दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के हालात और उसके वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा व्यापार पर असर को लेकर भी चर्चा की.

मोदी बोले- रिश्तों को मिली नई मजबूती

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनकी नीदरलैंड यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती मिली है. उन्होंने कहा कि भारत और नीदरलैंड ने जल संसाधन, सेमीकंडक्टर, नवाचार, रक्षा और स्थिरता जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए नया रोडमैप तैयार किया है.

अफ्सलाउटडाइक डैम का भी किया दौरा

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने डच समकक्ष के साथ मशहूर अफ्सलाउटडाइक डैम का भी दौरा किया. इस दौरान दोनों देशों ने जल प्रबंधन और जलवायु के अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर पर सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा की.

यह दौरा गुजरात के कल्पसर प्रोजेक्ट के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस परियोजना के तहत खंभात की खाड़ी पर बड़ा बांध बनाकर मीठे पानी का विशाल जलाशय तैयार करने की योजना है.

ये भी पढ़ें- ड्रोन अटैक से दहला UAE, बराकाह न्यूक्लियर साइट के बाहरी इलाके में लगी आग; जानें पूरी जानकारी