Ayodhya: एयरपोर्ट, अमृत भारत ट्रेन, वंदे भारत... रामनगरी को क्‍या-क्‍या सौगात देंगे PM मोदी, यहां जानें सबकुछ

Ayodhya: एयरपोर्ट, अमृत भारत ट्रेन, वंदे भारत... रामनगरी को क्‍या-क्‍या सौगात देंगे PM मोदी, यहां जानें सबकुछ

अयोध्या, न्यूज डेस्क: अयोध्या के भव्य राम मंदिर (Ayodhya Ram Mandir) को लेकर देश भर में उत्सव का माहौल है. 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है, जिसके लिए तैयारियां जोरो पर हैं. वहीं अयोध्या के रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट का नाम भी बदल दिया गया. रेलवे स्टेशन का नाम अयोध्या धाम तो एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरोपर्ट अयोध्या धाम रख दिया गया है. प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) शनिवार 30 दिसंबर को अयोध्या का दौरा करेंगे और इस दौरान इन दोनों का उद्घाटन करेंगे.

15000 करोड़ से ज्यादा की सौगात 

पीएम मोदी अयोध्या दौरे के दौरान 15,700 करोड़ रुपये की सौगत देने वाले हैं. इसमें इंटरनेशनल एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन (Ayodhya Railway Sattion and Airport) के अलावा दो नई अमृत भारत और छह नई वंदे भारत ट्रेनों भी शामिल हैं जिन्हें पीएम हरी झंडी दिखाएंगे. प्रधानमंत्री एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे, जहां वह कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इनमें अयोध्या और उसके आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए लगभग 11,100 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं.

इन 4 पथ का उद्घाटन करेंगे पीएम 

प्रधानमंत्री मोदी अयोध्या में रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 2300 करोड़ रुपये की तीन रेल परियोजना भी समर्पित करेंगे. इसके अलावा श्रीराम मंदिर तक पहुंचने के लिए  अयोध्या में चार नवविकसित, चौड़ी सड़कों का उद्घाटन भी किया जाएगा. इनके नाम  रामपथ (Rampath), भक्तिपथ (Bhaktipath), धर्मपथ (Dharmapath) और श्रीराम जन्मभूमि पथ (Shri Ram Janmabhoomi Path) हैं. पीएम का ये कदम अयोध्या को एक नई दिशा और सौंदर्यीकरण की ओर ले जाएगा.