Amroha News: अमरोहा जिले के देहात क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जो कि बावनखेड़ी शबनम कांड की याद दिलाती है. यहां एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और फिर प्रेमी के साथ फरार हो गई. घटना के बाद परिवार में खलबली मच गई है. पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने युवती के प्रेमी और उसके दोस्त के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
यह घटना अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में घटी, जहां एक किसान का परिवार रहता था. किसान ने अपनी बेटी की शादी तय की थी और 5 अप्रैल को बरात आने वाली थी. शादी की तैयारियों में घर में हलचल थी, लेकिन 29 मार्च की रात सब कुछ बदल गया.
आरोप है कि करीब 8 बजे गांव का ही एक युवक रिजवान और उसका दोस्त जुनैद किसान के घर पहुंचे. दोनों ने मिलकर जानबूझकर खाना में नशीला पदार्थ मिला दिया. खाना खाने के बाद किसान और उसका पूरा परिवार बेहोश हो गया.
परिवार को अस्पताल पहुंचाया
रात में जब घर से कोई आवाज नहीं आई, तो पड़ोसी मदद के लिए पहुंचे. उन्होंने देखा कि परिवार के सभी सदस्य बेहोश पड़े हैं. इस पर वे तुरंत सभी को जिला अस्पताल ले गए, जहां कुछ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई थी.
जब होश आया, तो किसान ने देखा कि उसकी बेटी गायब थी. काफी तलाश के बाद यह पता चला कि रिजवान ने अपनी प्रेमिका को बहलाकर अपने साथ ले लिया था, और इसमें जुनैद की भी मदद थी. घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
शबनम कांड की याद
यह घटना अमरोहा के चर्चित बावनखेड़ी शबनम कांड की याद दिलाती है, जिसमें परिवार को नशीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया गया था. हालांकि, इस घटना में किसी की जान नहीं गई, फिर भी यह घटना लोगों को उस डरावनी वारदात की याद दिला रही है.
पुलिस की कार्रवाई
सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि पुलिस ने रिजवान और जुनैद के खिलाफ युवती को बहलाकर ले जाने का मामला दर्ज कर लिया है. यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- फिर से पैर पसार रहा कोरोना वायरस, 23 देशों में फैला नया वैरिएंट Cicada, भारत पर कितना होगा असर?