CM Yogi Statement Power Crisis: उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी और बिजली कटौती को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार लोगों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है और यदि कहीं तकनीकी कारणों से शटडाउन की स्थिति बन रही है, तो बिजली विभाग को समस्या दूर करने का अवसर भी दिया जाना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पावर कॉरपोरेशन अपने स्तर पर लगातार काम कर रहा है और उन्होंने खुद भी इस पूरे मामले की समीक्षा बैठक की है. उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में केवल बिजली विभाग ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह संकट के समय सहयोग की भावना से काम करे.
‘ऊर्जा संकट पर सवाल उठाने वालों को अपना दौर याद करना चाहिए’
सीएम योगी ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आज बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले वही लोग हैं, जिनके शासनकाल में हालात बेहद खराब थे. मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि उस समय बिजली के तारों पर लोग कपड़े सुखाया करते थे, क्योंकि सप्लाई ही नहीं रहती थी.
उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में बिजली वितरण का कोई तय सिस्टम नहीं था. एक जिले में कुछ दिन रात में बिजली आती थी, तो दूसरे जिले में दिन में. कई बार पूरे सप्ताह तक लोग बिजली का इंतजार करते रहते थे. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने बिजली व्यवस्था में बड़े स्तर पर सुधार किया है और अब प्रदेश के हर क्षेत्र तक बिजली पहुंचाने का प्रयास लगातार किया जा रहा है.
ऊर्जा संकट के इस दौर में हम किसी के बहकावे में न आएं...
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 26, 2026
विपक्ष के नैरेटिव को न मानें... pic.twitter.com/lMJPK7bxCe
लखनऊ में 413 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लखनऊ नगर निगम की लगभग 413 करोड़ रुपये की विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने शहर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना गलत है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कई बार शहर को सुंदर बनाने के लिए लगाए गए गमले भी लोग चोरी कर लेते हैं.
‘ढाई करोड़ की कार से 45 रुपये का गमला चोरी’
सीएम योगी ने एक दिलचस्प घटना का जिक्र करते हुए कहा कि लखनऊ में हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और प्रशासन लगातार निगरानी करता रहता है. उन्होंने बताया कि हाल ही में एक वीडियो सामने आया, जिसमें महंगी कार से आए लोगों ने सड़क किनारे रखा गमला उठा लिया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई गई, लेकिन उसमें बैठे लोग 45 रुपये का गमला चोरी करके ले गए. उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जितना पेट्रोल खर्च हुआ और जितनी मेहनत की गई, उतने में तो नया गमला खरीदा जा सकता था. इससे शहर भी सुंदर रहता और सम्मान भी बना रहता.
समाजवादी पार्टी के समय बिजली के तार पर लोग कपड़ा सुखाते थे... pic.twitter.com/Z6JwbwyTJ9
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 26, 2026
सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है, लेकिन इसमें आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक संपत्तियों को अपनी संपत्ति समझकर उनकी रक्षा करें.
उन्होंने कहा कि विकास कार्य तभी सफल माने जाएंगे जब जनता भी उन्हें सुरक्षित रखने में सहयोग करेगी. मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा सकती है.
ये भी पढ़ें- RCB vs GT IPL Playoff: आईपीएल प्लेऑफ में कैसा है बेंगलुरु और गुजरात का रिकॉर्ड, किसका पलड़ा है भारी?