RCB vs GT IPL Playoff: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों का आगाज आज से होने जा रहा है और क्रिकेट फैंस की नजरें पहले क्वालिफायर पर टिकी हुई हैं. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी. दोनों टीमों ने लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18-18 अंक हासिल किए, लेकिन बेहतर नेट रन रेट की वजह से आरसीबी ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया, जबकि गुजरात टाइटंस दूसरे नंबर पर रही.
अब दोनों टीमें सीधे फाइनल के टिकट के लिए भिड़ेंगी. ऐसे में हर किसी के मन में यही सवाल है कि आईपीएल प्लेऑफ में किस टीम का रिकॉर्ड ज्यादा मजबूत रहा है और किसका पलड़ा भारी नजर आता है.
आईपीएल प्लेऑफ में कैसा रहा है आरसीबी का सफर?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल के पहले सीजन से इस लीग का हिस्सा रही है. आईपीएल 2026 टीम का 19वां सीजन है और यह 11वीं बार है जब आरसीबी प्लेऑफ में पहुंची है. यह आंकड़ा बताता है कि टीम लंबे समय से लीग की सबसे प्रतिस्पर्धी फ्रेंचाइजियों में शामिल रही है.
आरसीबी ने पहली बार आईपीएल 2009 में प्लेऑफ में जगह बनाई थी. उस सीजन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई. इसके बाद 2010 और 2011 में भी टीम प्लेऑफ में पहुंची. आईपीएल 2011 में आरसीबी दूसरी बार फाइनल तक पहुंची, लेकिन ट्रॉफी उसके हाथ नहीं लगी.
लगातार तीन सीजन प्लेऑफ खेलने के बाद टीम का प्रदर्शन कुछ कमजोर पड़ा और 2012, 2013 और 2014 में आरसीबी प्लेऑफ में जगह बनाने में असफल रही. हालांकि इसके बाद टीम ने जोरदार वापसी की. आईपीएल 2015 और 2016 में आरसीबी ने फिर से प्लेऑफ में एंट्री की और 2016 में तीसरी बार फाइनल तक पहुंची.
हालांकि बार-बार फाइनल तक पहुंचने के बावजूद ट्रॉफी जीतना टीम के लिए सपना ही बना रहा. लेकिन आखिरकार आईपीएल 2025 में आरसीबी ने अपने लंबे इंतजार को खत्म किया और पहली बार आईपीएल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.
अब आईपीएल 2026 में टीम एक बार फिर प्लेऑफ में पहुंच चुकी है और उसका लक्ष्य लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर अपना दबदबा कायम रखना होगा.
गुजरात टाइटंस का प्लेऑफ रिकॉर्ड कितना मजबूत?
गुजरात टाइटंस भले ही आईपीएल की नई टीमों में शामिल हो, लेकिन उसका प्लेऑफ रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. गुजरात ने आईपीएल 2022 में लीग में डेब्यू किया था और अपने पहले ही सीजन में खिताब जीतकर सभी को चौंका दिया था.
टीम ने डेब्यू सीजन में ही जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसने गुजरात को तुरंत आईपीएल की मजबूत टीमों में शामिल कर दिया. इसके बाद आईपीएल 2023 में भी गुजरात टाइटंस ने लगातार दूसरा फाइनल खेला, लेकिन इस बार टीम अपने खिताब का बचाव नहीं कर पाई.
आईपीएल 2024 गुजरात के लिए थोड़ा निराशाजनक रहा और टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी. हालांकि अगले ही सीजन यानी आईपीएल 2025 में गुजरात ने फिर वापसी की और प्लेऑफ तक पहुंची. हालांकि टीम एलिमिनेटर मुकाबले से आगे नहीं बढ़ पाई.
अब आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस चौथी बार प्लेऑफ खेल रही है. खास बात यह है कि टीम ने अपने पांच सीजन में से चार बार प्लेऑफ में जगह बनाई है, जो उसके लगातार अच्छे प्रदर्शन को दर्शाता है.
किस टीम का पलड़ा दिख रहा है भारी?
अगर अनुभव की बात करें तो आरसीबी प्लेऑफ मुकाबले खेलने के मामले में गुजरात से काफी आगे नजर आती है. टीम 11वीं बार प्लेऑफ में पहुंची है और कई बार फाइनल खेल चुकी है. वहीं डिफेंडिंग चैंपियन होने के कारण टीम का आत्मविश्वास भी काफी ऊंचा होगा.
दूसरी ओर गुजरात टाइटंस का रिकॉर्ड भी कम प्रभावशाली नहीं है. कम समय में टीम ने जिस तरह से लगातार प्लेऑफ और फाइनल तक पहुंचने का कारनामा किया है, वह उसकी मजबूती को दिखाता है. गुजरात बड़े मुकाबलों में दबाव झेलने की क्षमता भी कई बार साबित कर चुकी है.
धर्मशाला में होने वाला यह मुकाबला इसलिए और भी दिलचस्प माना जा रहा है क्योंकि दोनों टीमों ने लीग स्टेज में बराबर अंक हासिल किए हैं. ऐसे में छोटी-सी गलती भी मैच का रुख बदल सकती है.
ये भी पढ़ें- Love Rashifal: आज पार्टनर से मिलेगा प्यार-रोमांस या बढ़ेगी गलतफहमी? जानें मेष से मीन तक का लव राशिफल