मंत्रियों के काफिले में 50% कटौती, पीएम की अपील पर सीएम योगी का बड़ा फैसला; जानें पूरी जानकारी

CM Yogi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को अपनाने की अपील की है. उन्होंने लोगों से कहा कि ईंधन की बचत करें और अनावश्यक सोना खरीदने से बचें. सीएम योगी ने कहा कि देश और दुनिया की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सभी को सतर्क और जिम्मेदार रहने की जरूरत है.

uttar pradesh 50% reduction in the convoy of ministers CM Yogi big decision on PM appeal
Image Source: Social Media

CM Yogi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को अपनाने की अपील की है. उन्होंने लोगों से कहा कि ईंधन की बचत करें और अनावश्यक सोना खरीदने से बचें. सीएम योगी ने कहा कि देश और दुनिया की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सभी को सतर्क और जिम्मेदार रहने की जरूरत है.

वाहनों और ईंधन की खपत कम करने पर जोर

सीएम योगी ने बैठक में निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के काफिले में 50 प्रतिशत तक वाहनों की संख्या कम की जाए. उन्होंने कहा कि अनावश्यक गाड़ियों को हटाया जाए और सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने की बात कही और कहा कि जहां संभव हो, ऑफिस और बैठकें ऑनलाइन की जाएं.

सार्वजनिक परिवहन और पर्यावरण पर फोकस

मुख्यमंत्री ने लोगों से मेट्रो, बस और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि हफ्ते में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने पर विचार किया जाए. सीएम ने साइकिल, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया.

बिजली और ईंधन बचाने की अपील

सीएम योगी ने कहा कि घरों, सरकारी दफ्तरों और निजी संस्थानों में बिजली की बर्बादी रोकी जाए. रात 10 बजे के बाद अनावश्यक लाइटों का उपयोग न करने की भी सलाह दी गई. उन्होंने कहा कि ईंधन और ऊर्जा की बचत आज की जरूरत है.

वर्चुअल मीटिंग और डिजिटल काम पर जोर

सरकारी बैठकों, सेमिनार और वर्कशॉप को वर्चुअल करने पर भी जोर दिया गया है. उन्होंने कहा कि इससे समय और संसाधनों की बचत होगी.

देश में ही शादी और यात्रा को बढ़ावा

सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि शादी और बड़े आयोजन भारत में ही करें. उन्होंने उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने की बात कही और कहा कि डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए राज्य में कई अच्छे विकल्प मौजूद हैं.

स्थानीय उत्पाद और स्वदेशी पर जोर

मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) को बढ़ावा देने की बात कही. उन्होंने कहा कि त्योहारों और आयोजनों में भारत में बने उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए.

खाने की आदतों में बदलाव की अपील

सीएम योगी ने लोगों से खाने में तेल की मात्रा कम करने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य बेहतर होगा और आयात पर निर्भरता भी कम होगी. इसके लिए स्कूल, अस्पताल, कैंटीन और अन्य जगहों पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं.

ऊर्जा और गैस नेटवर्क का विस्तार

सीएम ने प्रदेश में पीएनजी नेटवर्क बढ़ाने और पीएम सूर्य घर योजना को प्रोत्साहित करने की बात कही. उन्होंने लोगों से सोलर एनर्जी अपनाने की भी अपील की. मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि अनावश्यक सोने की खरीद से बचें. उन्होंने व्यापारियों और ज्वेलर्स संगठनों से भी संवाद करने के निर्देश दिए.

ये भी पढ़ें- वाराणसी में CM योगी ने भरी हुंकार, बोले - सनातन को मिटाने का प्रयास करने वाले मिट्टी में मिल चुके