CM Yogi Varanasi Visit: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के साथ श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर के त्र्यंबकेश्वर बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित ‘सोमनाथ संकल्प महोत्सव’ में शामिल हुए. इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में हो रहे मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण देखा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विशेष महापूजा, कुंभाभिषेक, ध्वजारोहण और पुष्पवृष्टि जैसे धार्मिक अनुष्ठान शामिल थे.
अपने संबोधन में सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से हम सभी ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना साकार होते देख रहे हैं. इसका साकार रूप सौराष्ट्र में भगवान सोमनाथ महादेव के भव्य मंदिर की पुनर्प्रतिष्ठा, सौंदर्यीकरण व अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से दिख रहा है. काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल में महालोक की स्थापना, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राममंदिर निर्माण समेत सनातन परंपरा से जुड़े अनेक पवित्र तीर्थस्थल अपने वैभव के साथ विकास की नई यात्रा तय कर रहे हैं.
"सनातन भारत की चेतना में भी बसता है"
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सनातन धर्म के इतिहास व वर्तमान को गौरवशाली बताते हुए कहा कि मोहम्मद गोरी समेत कई विदेशी आक्रांताओं ने हमारी आध्यात्मिक व सांस्कृतिक पहचान नष्ट करने का प्रयास किया. औरंगजेब ने बाबा विश्वनाथ के प्राचीन मंदिर को ध्वस्त कर गुलामी का ढांचा भी खड़ा किया, लेकिन वे भारत की आत्मा को नहीं तोड़ पाए. वे नहीं समझ पाए कि सनातन केवल मंदिर की दीवारों में नहीं, बल्कि भारत की चेतना में भी बसता है. भारत की अजरता-अमरता का शाश्वत शंखनाद आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत में झलकता है. जिन्होंने सनातन को मिटाने का प्रयास किया, वे स्वयं मिट्टी में मिल चुके हैं. आज उन आक्रांताओं का कोई नाम तक लेने वाला नहीं है. सनातन संस्कृति को पराजित नहीं किया जा सकता.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का कार्यक्रम भारतीय सांस्कृतिक चेतना, आध्यात्मिक परंपरा, राष्ट्रीय आत्मगौरव के पुनर्जागरण का शंखनाद है. सोमनाथ स्वाभिमान पर्व भारत की जड़ों से जोड़ने का अभिनव प्रयास है. काशी और सोमनाथ भारत की सभ्यागत चेतना के दो अमर ज्योति स्तंभ हैं. उत्तर में मां गंगा के पवित्र तट पर बाबा विश्वनाथ धाम व पश्चिम में सागर तट पर प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ महादेव हैं. गंगा तट पर काशी ने जहां सनातन की आध्यात्मिक धारा को अक्षुण्ण रखा है तो सोमनाथ ने हमारे स्वाभिमान व पुनर्जागरण की लौ को प्रज्ज्वलित रखा है.
ये भी पढ़ें: तोड़ने वाले भारत की शक्ति को समझ नहीं सके... सोमनाथ से पीएम मोदी ने दिया संदेश, सरदार पटेल को किया याद