अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर न्यूक्लियर मुद्दे पर बातचीत की कोशिशें चल रही हैं. लेकिन इसी बीच ईरान की कुछ नई गतिविधियों ने अमेरिका और इजरायल की चिंता बढ़ा दी है. हाल ही में सामने आई सैटेलाइट तस्वीरों में ईरान के कुछ परमाणु और मिसाइल ठिकानों पर फिर से हलचल दिखाई दी है. माना जा रहा है कि हाल के हमलों के बाद ईरान अपने अहम सैन्य ठिकानों को दोबारा तैयार करने में जुटा हुआ है.
ट्रंप बोले- बातचीत के लिए तैयार हैं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई है और अमेरिका इसके लिए तैयार है. हालांकि उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि दोनों देशों के बीच लागू हुआ युद्धविराम अब खत्म हो चुका है.
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान बातचीत चाहता है और अमेरिका ने इसके लिए हामी भर दी है, लेकिन यह भी साफ कर दिया गया है कि सीजफायर अब खत्म हो चुका है. यानी बातचीत की कोशिशें जारी हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है.
सैटेलाइट तस्वीरों में क्या दिखा?
हाल ही में जारी सैटेलाइट तस्वीरों में ईरान के कई संवेदनशील सैन्य ठिकानों पर गतिविधियां नजर आई हैं. जून के आखिर और जुलाई की शुरुआत में ली गई तस्वीरों की तुलना करने पर पता चला कि जिन जगहों को हाल के अमेरिकी और इजरायली हमलों में नुकसान पहुंचा था, वहां अब मरम्मत और दोबारा निर्माण का काम चल रहा है.
सबसे ज्यादा हलचल पारचिन सैन्य परिसर के तालेघान-2 इलाके में देखी गई. विशेषज्ञों का मानना है कि पहले इस इलाके का इस्तेमाल परमाणु हथियारों से जुड़े कार्यक्रमों के लिए किया जाता था.
अंडरग्राउंड ठिकानों पर भी बढ़ी गतिविधि
रिपोर्ट में पिकएक्स माउंटेन का भी जिक्र किया गया है, जिसे ईरान का संभावित अंडरग्राउंड परमाणु ठिकाना माना जाता है. सैटेलाइट तस्वीरों में सुरंगों के अंदर और बाहर कई वाहनों की आवाजाही दिखाई दी है.
इन तस्वीरों के बाद माना जा रहा है कि ईरान अपने भूमिगत ठिकानों को फिर से सक्रिय करने की तैयारी कर रहा है. ऐसे में एक तरफ न्यूक्लियर बातचीत जारी है, वहीं दूसरी तरफ ईरान की गतिविधियों ने अमेरिका और इजरायल की चिंता और बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें- रोनाल्डो-मेसी से लेकर नेमार तक... कौन है दुनिया का सबसे अमीर फुटबॉलर, इनके पास है कितना पैसा? देखें लिस्ट