US Fighter Jet Crash: अमेरिका के इडाहो राज्य में आयोजित एक बड़े एयर शो के दौरान बड़ा हादसा हो गया. माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर चल रहे ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ में दो अमेरिकी लड़ाकू विमान हवा में ही आपस में टकरा गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों फाइटर जेट नियंत्रण खो बैठे और कुछ ही सेकेंड में जमीन की ओर गिरते हुए आग के बड़े गोले में बदल गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आसमान में करतब दिखाते समय दोनों विमानों को टकराते देखा जा सकता है.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा अमेरिकी समयानुसार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ. एयर शो के दौरान दोनों विमान दर्शकों के सामने एरोबैटिक प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान हवा में एक मोड़ लेते समय दोनों जेट बेहद करीब आ गए और अचानक आपस में टकरा गए. टक्कर के बाद विमान टूटकर अलग-अलग दिशाओं में बिखरते दिखाई दिए.
हवा में टकराने के बाद नीचे गिरते दिखे विमान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के तुरंत बाद आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया. वीडियो फुटेज में साफ नजर आता है कि दोनों लड़ाकू विमान नियंत्रण खोने के बाद तेजी से नीचे गिरने लगे. कुछ ही पलों में जमीन से जोरदार धमाका सुनाई दिया और दुर्घटनास्थल पर आग की ऊंची लपटें उठने लगीं.
BREAKING: 2 U.S. Navy Super Hornets/Growlers crash and collide during Gunfighter Skies Air Show at Mountain Home Air Force Base in Idaho.
— Open Source Intel (@Osint613) May 17, 2026
Aviation sources tell KTVB that both aircrews ejected safely. pic.twitter.com/GPsdrwTFWq
बताया गया है कि हादसे में शामिल दोनों विमान EA-18G मॉडल के लड़ाकू जेट थे. ये विमान अमेरिकी नौसेना द्वारा इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और विशेष सैन्य अभियानों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं. एयर शो में इन्हें विशेष हवाई करतब दिखाने के लिए शामिल किया गया था.
चारों क्रू मेंबर सुरक्षित बाहर निकले
हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि दोनों विमानों में मौजूद चारों क्रू मेंबर समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में चार पैराशूट आसमान से नीचे उतरते दिखाई देते हैं. एयर शो के दौरान मौजूद अनाउंसर ने भी दर्शकों को जानकारी दी कि सभी क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.
बाद में अमेरिकी नौसेना ने बयान जारी कर पुष्टि की कि टक्कर के बाद चारों क्रू मेंबर सफलतापूर्वक इजेक्ट कर गए थे और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है.
हादसे के तुरंत बाद पहुंची रेस्क्यू टीम
जैसे ही विमान जमीन पर गिरे, एयर बेस की इमरजेंसी और फायर रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया. माउंटेन होम एयर फोर्स बेस प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों और जांच एजेंसियों की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है. एयर फोर्स बेस के प्रवक्ता ने कहा कि हादसे से जुड़ी हर जानकारी की जांच की जा रही है और शुरुआती रिपोर्ट आने के बाद आगे की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी.
हादसे के बाद तुरंत रोका गया एयर शो
घटना के बाद एयर शो को तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया. अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से पूरे बेस को कुछ समय के लिए लॉकडाउन भी कर दिया था. हादसे के वक्त एयर शो में हजारों लोग मौजूद थे, जो लड़ाकू विमानों के करतब देखने पहुंचे थे.
‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ को करीब आठ साल बाद फिर से आयोजित किया गया था. आयोजकों ने इस कार्यक्रम की तैयारी में लगभग दो साल का समय लगाया था. एयर शो को लेकर लोगों में भारी उत्साह था, लेकिन हादसे ने पूरे आयोजन को अचानक दहशत और चिंता में बदल दिया.
पहले भी हो चुके हैं हादसे
माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर पहले भी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, साल 2018 में इसी बेस पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रनवे पर हुए हादसे में एक हैंग ग्लाइडर पायलट की मौत हो गई थी. ताजा हादसे के बाद एयर शो की सुरक्षा व्यवस्था और हवाई प्रदर्शन के दौरान जोखिमों को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं.
फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर दोनों फाइटर जेट हवा में कैसे टकराए और क्या तकनीकी खराबी या मानवीय गलती इस दुर्घटना की वजह बनी.
ये भी पढ़ें- रूसी तेल पर मिलने वाली अमेरिकी छूट खत्म, भारत की बढ़ेगी टेंशन! क्या फिर महंगा होगा पेट्रोल-डीजल?