US Military Aircraft Moscow: रूस और अमेरिका के बीच तनाव के बीच अमेरिकी वायुसेना का एक सी-17 ग्लोबमास्टर विमान अचानक मॉस्को के वनुकोवो एयरपोर्ट पर पहुंच गया. विमान की लैंडिंग के बाद इसे लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं.
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24 के अनुसार, अमेरिकी टेल नंबर वाला यह सैन्य विमान मंगलवार को मॉस्को पहुंचा. हालांकि, क्रेमलिन ने कहा है कि उसे इस विमान के आने की कोई जानकारी नहीं है.
वॉशिंगटन से रीगा होते हुए मॉस्को पहुंचा विमान
फ्लाइट ट्रैकिंग जानकारी के मुताबिक, विमान ने रविवार शाम करीब 5 बजे अमेरिका के मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज से उड़ान भरी थी. यह वही सैन्य अड्डा है जिसका इस्तेमाल अमेरिकी राष्ट्रपति और बड़े अधिकारी अपनी आधिकारिक यात्राओं के लिए करते हैं. 23 अगस्त को विमान लातविया की राजधानी रीगा पहुंचा. इसके बाद मंगलवार सुबह रीगा से उड़ान भरकर यह करीब 7 बजे मॉस्को के वनुकोवो एयरपोर्ट पर उतर गया.
क्रेमलिन ने बैठक की खबर से किया इनकार
अमेरिकी विमान की मॉस्को में अचानक लैंडिंग को लेकर क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव से सवाल किया गया. उन्होंने कहा कि इस सप्ताह अमेरिकी प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ किसी बैठक की जानकारी या कार्यक्रम तय नहीं है.
इससे पहले जनवरी में भी एक अमेरिकी विमान यूरोप से रूस पहुंचा था. उस समय विशेष दूत स्टीवन विटकॉफ और जेरेड कुशनर यूक्रेन युद्ध को लेकर शांति वार्ता के लिए मॉस्को आए थे.
कैदियों की अदला-बदली से जोड़ा जा रहा मामला
सी-17 ग्लोबमास्टर एक बड़ा सैन्य परिवहन विमान है. इसका इस्तेमाल सैनिकों, भारी सैन्य सामान और जरूरी सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए किया जाता है. ऐसे में इसका मॉस्को पहुंचना कई सवाल खड़े कर रहा है.
कुछ रिपोर्टों में इस उड़ान को हाल में हुई कैदियों की अदला-बदली से जोड़कर देखा जा रहा है. अगस्त 2026 की शुरुआत में पूर्व अमेरिकी मरीन रॉबर्ट गिलमैन की रिहाई के बाद अब यह अनुमान लगाया जा रहा है कि विमान किसी अन्य बड़े कैदी समझौते से जुड़ा हो सकता है.
पर्दे के पीछे बातचीत की अटकलें
रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता फिलहाल आगे बढ़ती नजर नहीं आ रही है, लेकिन जानकारों का मानना है कि पर्दे के पीछे बातचीत का कोई रास्ता खुला हो सकता है. मॉस्को में अमेरिकी सैन्य विमान की अचानक लैंडिंग ने इन अटकलों को और हवा दे दी है. फिलहाल अमेरिका और रूस, दोनों की ओर से इस विमान के मॉस्को पहुंचने की असली वजह को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
ये भी पढ़ें- 26 अगस्त को मौसम लेगा करवट, दिल्ली-UP समेत 17 राज्यों में बारिश का अलर्ट, पढ़ें IMD का लेटेस्ट अपडेट