UPPSC PCS Result: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS परीक्षा 2025 को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है. आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है. मुख्य परीक्षा में शामिल 10,284 अभ्यर्थियों में से 2,297 उम्मीदवारों ने अगले चरण यानी साक्षात्कार के लिए जगह बनाई है. इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 814 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं.
812 पदों के लिए इंटरव्यू में पहुंचेंगे 2,297 अभ्यर्थी
UPPSC के सचिव गिरिजेश त्यागी के मुताबिक PCS मुख्य परीक्षा का आयोजन 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर कराया गया था. भर्ती में 28 प्रकार के पद शामिल हैं. इनमें दो पद ऐसे हैं, जिनकी दो रिक्तियों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर होगा. इन पदों का परिणाम अंतिम चयन परिणाम के साथ जारी किया जाएगा. बाकी 812 पदों पर लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के आधार पर चयन होगा, जिसके लिए 2,297 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है.
कोर्ट के फैसले के अधीन रहेगा PCS Mains Result
आयोग ने स्पष्ट किया है कि PCS मुख्य परीक्षा का यह परिणाम इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल रिट याचिका संख्या 4253/2026, अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य में आने वाले अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम प्रदेश सरकार की ओर से दाखिल विशेष अपील संख्या 475 (डी)/2019 में हाईकोर्ट के अंतिम फैसले के अधीन रखा गया है.
अंतिम चयन के बाद जारी होंगे कटऑफ और अंक
अभ्यर्थियों को अपने प्राप्तांक और कटऑफ के लिए अभी अंतिम परिणाम का इंतजार करना होगा. आयोग के सचिव गिरिजेश त्यागी ने बताया कि परीक्षा में शामिल उम्मीदवारों के प्राप्तांक, कटऑफ अंक और अन्य जरूरी जानकारी अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी. ऐसे में इंटरव्यू के लिए सफल 2,297 अभ्यर्थियों के लिए अब चयन प्रक्रिया का अगला चरण महत्वपूर्ण होगा.
ये भी पढ़ें: UP के 57 हजार पंचायत सहायकों की बल्ले-बल्ले, योगी सरकार ने मानदेय बढ़ाकर किया 9 हजार रुपये