उत्तर प्रदेश के हजारों पंचायत सहायकों के लिए आंदोलन के बीच बड़ी राहत की खबर सामने आई है. सरकार ने पंचायत सहायकों के मासिक मानदेय में बढ़ोतरी का फैसला किया है. पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बुधवार को बताया कि अब पंचायत सहायकों को हर महीने 9 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा. इसके साथ ही आंदोलन के दौरान कार्रवाई का सामना करने वाले सहायकों को भी राहत देने का निर्णय लिया गया है.
57 हजार से ज्यादा पंचायत सहायकों को मिलेगा लाभ
सरकार के इस फैसले का सीधा लाभ प्रदेश के 57 हजार से अधिक पंचायत सहायकों को मिलेगा. मंत्री ओम प्रकाश राजभर के मुताबिक, पंचायत सहायक 24 तारीख से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे. लखनऊ में आंदोलनरत प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ इस मुद्दे पर चर्चा हुई, जिसके बाद मानदेय बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रति माह करने की मंजूरी दी गई.
8 हजार से बढ़कर 9 हजार हुआ मानदेय
राजभर ने बताया कि शुरुआत में सरकार की ओर से 8 हजार रुपये मानदेय पर बात हो रही थी, लेकिन पंचायत सहायकों को दिए गए आश्वासन के मुताबिक मुख्यमंत्री के सामने उनकी मांग रखी गई. चर्चा के बाद मानदेय को बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रतिमाह करने का फैसला लिया गया. इसके अलावा आंदोलन के दौरान जिन पंचायत सहायकों पर मुकदमे दर्ज हुए हैं, उन्हें भी राहत देने की बात कही गई है.
मुकदमे होंगे वापस, हटाए गए सहायकों की होगी बहाली
आंदोलन के दौरान कार्रवाई के चलते जिन पंचायत सहायकों को सेवा से हटा दिया गया था, उन्हें दोबारा बहाल करने की घोषणा की गई है. वहीं, दर्ज मुकदमों को वापस लेने की बात भी कही गई है. सरकार ने पंचायत सहायकों के परिवारों को कैशलेस सुविधा देने का भी ऐलान किया है, हालांकि इस सुविधा का दायरा और इसे लागू करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी सरकारी आदेश जारी होने के बाद सामने आएगी.
गांवों में डिजिटल व्यवस्था की अहम कड़ी हैं पंचायत सहायक
पंचायत सहायकों की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक और डिजिटल कामकाज को सुचारु बनाने की है. पंचायत सहायक/अकाउंटेंट-कम-डेटा एंट्री ऑपरेटर के तौर पर ये कर्मचारी डेटा एंट्री, ऑनलाइन प्रक्रियाओं और कई तरह के प्रशासनिक कार्य संभालते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं और योजनाओं से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल तरीके से आगे बढ़ाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है.
ये भी पढ़ें: पूर्व अग्निवीरों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, इन भर्तियों में मिलेगा 20% आरक्षण, जानें पूरी जानकारी