यूपी के वाहन मालिकों को बड़ी राहत, पांच साल तक के सभी ई-चालान होंगे माफ, क्या आपको भी मिलेगा फायदा?

Uttar Pradesh e-challan relief: उत्तर प्रदेश में अब उन वाहन मालिकों की लंबी सांस फूटेगी, जिनके वाहन पर भारी-भरकम चालान लगे हैं. परिवहन विभाग ने एक बड़ा फैसला लेते हुए 12.93 लाख लंबित चालानों को माफ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

UP Transport Dept waives 2017-2021 pending e-challans relief for 12.93 lakh vehicle owners
Image Source: Social Media

Uttar Pradesh e-challan relief: उत्तर प्रदेश में अब उन वाहन मालिकों की लंबी सांस फूटेगी, जिनके वाहन पर भारी-भरकम चालान लगे हैं. परिवहन विभाग ने एक बड़ा फैसला लेते हुए 12.93 लाख लंबित चालानों को माफ करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसका मतलब यह है कि आपको अब चालान के दबाव में नहीं रहना पड़ेगा और आप अपनी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन, ट्रांसफर या फिटनेस बिना किसी परेशानी के करवा सकेंगे. आइए जानते हैं इस योजना के बारे में विस्तार से.

कौन-कौन से चालान होंगे माफ?

परिवहन विभाग ने 31 दिसंबर 2021 तक जो चालान कोर्ट में लंबित थे या जिनकी समय-सीमा पूरी हो चुकी थी, लेकिन वे कोर्ट में नहीं भेजे गए थे, उन्हें माफ करने का फैसला लिया है. यह फैसला खासकर उन चालानों के लिए है जो 2017 से 2021 के बीच जारी हुए थे. इस योजना से उन वाहन मालिकों को फायदा मिलेगा जिनके ऊपर लाखों रुपए के जुर्माने लटके हुए थे.

कौन से चालान इस छूट से बाहर रहेंगे?

टैक्स से संबंधित चालान, गंभीर अपराधों से जुड़े केस, दुर्घटना या आईपीसी के तहत दर्ज मामले इस माफी की सूची में शामिल नहीं होंगे. विभाग ने साफ किया है कि यह राहत केवल गैर-क्रिमिनल और गैर-टैक्स संबंधित मामलों के लिए है ताकि कानून का पालन भी सुनिश्चित रहे और लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके.

माफ किए गए चालान कैसे दिखेंगे?

परिवहन विभाग ने लंबित चालानों को दो श्रेणियों में बांटा है. कोर्ट में लंबित चालान अब पोर्टल पर Disposed Abated के रूप में दर्ज होंगे, जबकि ऑफिस लेवल पर पेंडिंग और समय सीमा पार कर चुके चालान Closed Time-Bar (Non-Tax) के तहत दिखेंगे. इससे वाहन मालिक अपनी स्थिति आसानी से ऑनलाइन चेक कर सकेंगे.

प्रक्रिया पूरी होने में लगेगा 30 दिन का समय

यह राहत योजना जल्द से जल्द लागू की जा रही है. विभाग ने इस पूरे काम को 30 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा है. हर हफ्ते प्रगति रिपोर्ट विभाग के डैशबोर्ड पर अपडेट की जाएगी, जिससे जनता को पूरी जानकारी मिलती रहेगी.

अब कैसे करें अपनी चालान स्थिति की जांच?

वाहन मालिक परिवहन विभाग के पोर्टल पर जाकर आसानी से अपनी चालान स्थिति की जांच कर सकते हैं. इसके साथ ही किसी भी तरह की समस्या होने पर हेल्पलाइन नंबर 149 या नजदीकी RTO/ARTO ऑफिस से संपर्क किया जा सकता है.

12.93 लाख लोगों को मिली राहत

परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 2017 से 2021 के बीच जारी कुल 30.52 लाख चालानों में से 17.59 लाख चालान पहले ही निपटा दिए गए थे. अब बाकी 12.93 लाख चालान माफ किए जाने जा रहे हैं, जिससे यूपी के लाखों वाहन मालिकों की परेशानियों का अंत होगा. 

ये भी पढ़ें: UP: सिर्फ ₹22.50 में मिलेगा भरपेट खाना, योगी सरकार 17 शहरों में शुरू करेगी अन्नपूर्णा कैंटीन