रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए विशेष परिवहन सुविधा का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहार के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों की यात्रा को आसान और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक UPSRTC की बसों में महिला यात्री अपने एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान भीड़ को देखते हुए परिवहन व्यवस्था को मजबूत रखा जाए और महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
नशे में बस चलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के दौरान सड़क सुरक्षा और महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे का सेवन करने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। निजी बसों के चालकों के सत्यापन के साथ ऑटो और टैक्सी चालकों की भी जांच कराने को कहा गया है। परिवहन और पुलिस विभाग को आपसी तालमेल से काम करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार के दौरान महिलाओं और अन्य यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम परिवहन उपलब्ध हो। महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वाड को भी सक्रिय रखने पर जोर दिया गया।
जलभराव से निपटने के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में जलभराव की स्थिति की समीक्षा भी की। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर और गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों के अधिकारियों से जलभराव के कारणों और प्रभावित इलाकों की जानकारी ली गई। योगी ने कहा कि लो-लैंड क्षेत्रों की पहचान कर जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त पम्पिंग स्टेशन लगाए जाएं। जिन नालों में सिल्ट या कूड़े के कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है, उनकी तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
भ्रामक वीडियो पर FIR, कालाबाजारी पर भी नजर
मुख्यमंत्री ने बैठक में चीनी की उपलब्धता और बाजार में इसकी आपूर्ति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगले छह महीनों की जरूरत के मुताबिक पर्याप्त चीनी का स्टॉक मौजूद है, ऐसे में कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके अलावा स्कूलों से जुड़े भ्रामक वीडियो प्रसारित कर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सीधे FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा समेत शासन और जिलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें: UP पुलिस की गाड़ी से हुई टक्कर, हादसे के बाद कार की तलाशी ली तो उड़ गए होश, निकला 10 किलो सोना