लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स के जरिए काम करने वाले कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है. उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (यूपीकास) ने कर्मचारियों को कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) और कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) के जरिए इलाज, चिकित्सीय अवकाश, मातृत्व अवकाश और पेंशन जैसी सुविधाएं देने की व्यवस्था की है. अस्वस्थता या असाध्य रोग की स्थिति में कर्मचारियों को 78 दिनों तक सवैतनिक अवकाश मिलेगा, जबकि महिला कर्मचारियों को दो बच्चों के जन्म तक 180 दिनों का सवैतनिक मातृत्व अवकाश दिया जाएगा.
इलाज से लेकर परिवार तक को मिलेगा लाभ
ईएसआईसी के तहत कर्मचारियों को अस्वस्थता और असाध्य रोग होने पर औसत पारिश्रमिक के 70 प्रतिशत के आधार पर 78 दिनों का सवैतनिक अवकाश मिलेगा. वहीं महिला कर्मचारियों को 26 सप्ताह यानी 180 दिनों का मातृत्व अवकाश शत प्रतिशत औसत पारिश्रमिक के आधार पर दिया जाएगा. कर्मचारियों के स्वजन भी इस व्यवस्था के तहत चिकित्सीय लाभ ले सकेंगे. उन्हें ईएसआईसी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और सूचीबद्ध निजी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पतालों में मुफ्त इलाज, सर्जरी और सुपर स्पेशियलिटी जांच की सुविधा मिलेगी.
मृत्यु पर 15 हजार, रिटायरमेंट के बाद पेंशन
आउटसोर्स कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके अंतिम संस्कार के लिए परिवार को 15 हजार रुपये दिए जाएंगे. वहीं ईपीएफ के जरिए 10 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को पेंशन का लाभ मिलेगा. सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन न्यूनतम 1,000 रुपये से अधिकतम 7,500 रुपये तक हो सकती है. सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण रोकने के लिए मानदेय बढ़ाने और हर महीने की पांच तारीख तक पारिश्रमिक का भुगतान सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी की है.
भर्ती प्रक्रिया में भी किए गए बदलाव
सरकार ने ईपीएफ और ईएसआईसी की राशि समय पर खातों में जमा कराने के साथ भर्ती प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं. एजेंसियां सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों में से ही भर्ती करेंगी और यूपीकास व विभाग की निगरानी में 100 अंकों की परीक्षा के आधार पर चयन होगा. भर्ती में नियमों के मुताबिक शत प्रतिशत आरक्षण लागू रहेगा, जबकि जिले के निवासी आवेदकों को स्थानीय निवासी होने के आधार पर 15 अतिरिक्त अंक देने की व्यवस्था की गई है.
ये भी पढ़ें: आंगनबाड़ी कर्मचारियों को सीएम योगी की सौगात, मानदेय में 50% बढ़ोतरी का किया ऐलान, कितना होगा फायदा?