Hapur News: उत्तर प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं. यह हादसा हापुड़ जिले के पिलखुवा क्षेत्र स्थित छिजारसी टोल प्लाजा के पास हुआ. इस दुर्घटना में उनकी गाड़ी एक पुलिस एस्कॉर्ट वाहन से टकरा गई, जिससे उन्हें सिर में गंभीर चोट आई. उन्हें तुरंत नजदीकी रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
हादसा कैसे हुआ?
मंत्री गुलाब देवी, जो 70 वर्ष की हैं, मंगलवार दोपहर दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जा रही थीं. उनके काफिले में एक प्राइवेट गाड़ी सबसे आगे चल रही थी, और उस गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिए. इसके परिणामस्वरूप पुलिस जीप को भी तेज़ी से ब्रेक लगानी पड़ी, और गुलाब देवी की एक्सयूवी वही से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंत्री का सिर गाड़ी के अंदरूनी हिस्से से टकराया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. दुर्घटना के बाद गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.
अस्पताल में चल रहा इलाज
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची. जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और एसपी ज्ञानंजय सिंह के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुलाब देवी और उनके ड्राइवर सतबीर को रामा अस्पताल पहुंचाया. सीएमओ डॉक्टर सुनील त्यागी के नेतृत्व में मेडिकल टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है. मंत्री गुलाब देवी की सिर की एमआरआई भी करवाई गई है और डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
गुलाब देवी का राजनीतिक सफर
गुलाब देवी भारतीय जनता पार्टी की एक वरिष्ठ नेता हैं और पिछले तीन दशकों से पार्टी के साथ जुड़ी हुई हैं. वह चंदौसी विधानसभा सीट से विधायक हैं और 2022 के विधानसभा चुनाव में 35,367 वोटों से जीत हासिल कर पांचवीं बार विधानसभा में पहुंची. उन्होंने योगी सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर कार्य किया और बाद में माध्यमिक शिक्षा मंत्री का पद संभाला. उनके अनुभव और नेतृत्व को राज्यभर में सराहा जाता है.
ये भी पढ़ें: Gorakhpur: हरित क्रांति की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश, योगी सरकार ने बनाया 8 साल में तीन करोड़ पौधों लगाने का रिकॉर्ड