GST कट से यूपी में क्या-क्या होगा सस्ता? किफायती दामों पर मिलेंगी ये चीज़ें, CM योगी ने बताया सबकुछ

उत्तर प्रदेश की जनता के लिए अच्छी खबर है. महंगाई से परेशान आम आदमी को अब कुछ राहत मिल सकती है, क्योंकि राज्य में कई ज़रूरी वस्तुओं पर जीएसटी की दरें घटा दी गई हैं.

up cm yogi adityanath next gen gst pm modi diwali gift
Image Source: Social Media

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की जनता के लिए अच्छी खबर है. महंगाई से परेशान आम आदमी को अब कुछ राहत मिल सकती है, क्योंकि राज्य में कई ज़रूरी वस्तुओं पर जीएसटी की दरें घटा दी गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 18 सितंबर को राजधानी लखनऊ में यह ऐलान करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों को दीपावली का तोहफा बताया.

22 सितंबर से लागू होंगी नई टैक्स दरें

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि हाल ही में हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में सर्वसम्मति से टैक्स कटौती का निर्णय लिया गया है, जिसे 22 सितंबर से पूरे देश में लागू किया जाएगा. सीएम ने इसे अब तक का सबसे बड़ा टैक्स रिफॉर्म करार देते हुए कहा कि इसका सीधा फायदा देश के आम नागरिकों को मिलेगा.

घर से लेकर हाइवे तक होगा फायदा

योगी आदित्यनाथ ने जानकारी दी कि पहले जीएसटी में 4 टैक्स स्लैब थे—5%, 12%, 18% और 28%. लेकिन अब 12% और 28% की दरें खत्म कर दी गई हैं, जिससे केवल 5% और 18% टैक्स ही लागू होगा. इससे घर के निर्माण से लेकर हाइवे जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स तक में लागत कम आएगी.

किचन और बच्चों से जुड़ी चीज़ें होंगी सस्ती

मुख्यमंत्री ने बताया कि दूध, दही, पनीर, शैम्पू, टूथपेस्ट, साबुन, साइकिल, घरेलू सामान, नोटबुक, पेंसिल, और बच्चों के कई उत्पादों पर अब केवल 5% या 0% टैक्स लगेगा. इससे घर का बजट हल्का होगा और लोग ज्यादा खरीदारी कर पाएंगे.

वाहन खरीदने वालों को भी राहत

वाहनों की खरीद पर भी बड़ा बदलाव किया गया है. पहले इन पर 28% जीएसटी लगता था, जिसे अब घटाकर 18% कर दिया गया है. इससे एक सामान्य व्यक्ति के लिए भी अब वाहन खरीदना आसान हो जाएगा.

किसानों के लिए टैक्स में कटौती

सरकार ने खेती-किसानी से जुड़ी चीजों पर भी ध्यान दिया है. ट्रैक्टर, टायर, कीटनाशक और कृषि उपकरणों पर अब सिर्फ 5% जीएसटी लगेगा. इससे खेती की लागत घटेगी और किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी.

स्वास्थ्य सेवाएं होंगी किफायती

स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. व्यक्तिगत और स्वास्थ्य बीमा पर अब कोई जीएसटी नहीं लगेगा. साथ ही दवाइयों, ऑक्सीजन और जांच किट्स पर भी टैक्स घटाया गया है, जिससे इलाज पहले से ज्यादा सस्ता हो जाएगा.

टैक्स कलेक्शन में जबरदस्त बढ़त

मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि टैक्स सुधारों का असर साफ दिख रहा है. 2017 से पहले टैक्स कलेक्शन जहां 7 लाख करोड़ था, वहीं अब यह बढ़कर 22.80 लाख करोड़ रुपये हो गया है. टैक्सपेयर्स की संख्या भी 65 लाख से बढ़कर 1.51 करोड़ हो चुकी है. सीएम योगी ने कहा कि जीएसटी के जरिए उत्तर प्रदेश अब देश का प्रमुख आर्थिक केंद्र बनता जा रहा है. टैक्स सुधारों और मजबूत आधारभूत संरचना के साथ राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है.

ये भी पढ़ें: सीएम योगी का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं क बड़ा तोहफा; मानदेय में होगी बढ़ोतरी, मिलेगा स्मार्टफोन