UP: अयोध्या के राजघाट में लगी भीषण आग, महायज्ञ के पूर्णाहुति के बाद घटी घटना; कई लोग झुलसे

Ayodhya Raj Ghat Fire: अयोध्या के राजघाट में चल रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया.

UP A massive fire broke out in Rajghat of Ayodhya incident occurred after completion Mahayagya
Image Source: Social Media

Ayodhya Raj Ghat Fire: अयोध्या के राजघाट में चल रहे श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो पाई है.

बताया जा रहा है कि यह महायज्ञ स्वामी जीयर जी महाराज के मार्गदर्शन में कराया जा रहा था. 9 दिन तक चले इस यज्ञ का समापन हो चुका था और पूर्णाहुति के बाद ही आग लग गई.

आयोजन के दौरान लगी आग

जानकारी के मुताबिक, इस महायज्ञ का आयोजन दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में किया गया था. समापन के समय अचानक आग भड़क उठी, जिससे काफी नुकसान होने की आशंका है.

कुछ लोग झुलसे

इस घटना में 3-4 लोगों के झुलसने की बात सामने आई है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है. बताया जा रहा है कि 108 कुंडीय यज्ञ के बाद तीन अलग-अलग जगहों पर आग लगी थी, जिसे काफी मेहनत के बाद काबू में किया गया.

कैसे लगी आग

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हवन के दौरान तेज हवा चल रही थी. इसी वजह से चिंगारी भड़क गई और आग फैल गई. आग लगते ही प्रशासन ने तुरंत जगह खाली करवाई ताकि कोई बड़ी घटना न हो.

मंत्री ने क्या कहा

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि यज्ञ की पूर्णाहुति करीब डेढ़ घंटे पहले हो चुकी थी और उस समय यज्ञशाला खाली थी. उन्होंने कहा कि आग कैसे लगी, यह अभी साफ नहीं है. उन्होंने यह भी बताया कि एक और जगह, जो करीब 700 मीटर दूर थी, वहां भी आग लगी थी. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.

प्रशासन का बयान

जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि सभी लोग सुरक्षित हैं और कोई जनहानि नहीं हुई है. मौके पर स्वास्थ्य विभाग और दमकल की टीम मौजूद रही. वहीं एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर ने बताया कि घटना के बाद तुरंत अलर्ट जारी कर दिया गया. पुलिस और दमकल की टीम ने मिलकर आग पर काबू पा लिया. उन्होंने कहा कि हालात अब पूरी तरह नियंत्रण में हैं और कोई बड़ी घटना नहीं हुई.

ये भी पढ़ें- Instagram पर हुई दोस्ती, फिर मिलने का बना प्लान; उसके बाद जो हुआ जानकर उड़ जाएंगे होश!