UP में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, 35 IPS अफसरों का तबादला; जानिए किसे कहां मिली जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. शासन ने शनिवार को 35 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. नई तैनाती में कई पुलिस कमिश्नरेट और जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं.

up-35-ips-officers-transfer-charu-nigam-mamta-rani
Image Source: Social Media

उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. शासन ने शनिवार को 35 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. नई तैनाती में कई पुलिस कमिश्नरेट और जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं. तबादला सूची में चारू निगम और ममता रानी समेत कई चर्चित नाम शामिल हैं.

चारू निगम को मिली नई जिम्मेदारी

तबादला आदेश के मुताबिक यूपी-112 में एसपी के पद पर तैनात चारू निगम को गाजियाबाद स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है. वहीं कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात श्रवण कुमार सिंह को गौतमबुद्धनगर में डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है. वाराणसी के डीसीपी प्रमोद कुमार को एसपी साइबर मुख्यालय, लखनऊ भेजा गया है.

आगरा और नोएडा में भी बदले अधिकारी

तबादला सूची में आगरा, नोएडा और प्रयागराज के पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं. आगरा के डीसीपी अतुल शर्मा द्वितीय को प्रयागराज भेजा गया है, जबकि कानपुर के डीसीपी रविंद्र कुमार को आगरा में डीसीपी बनाया गया है. प्रयागराज के डीसीपी नीरज पांडेय को वहीं एसपी हेडक्वार्टर की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं लखनऊ की डीसीपी ममता रानी चौधरी को सीआईडी में एसपी बनाया गया है.

जौनपुर समेत इन जिलों में भी बदलाव

तबादला सूची में जौनपुर, चंदौली, वाराणसी और प्रयागराज के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं. वाराणसी की एडीसीपी श्रुति श्रीवास्तव को प्रयागराज भेजा गया है, जबकि पीलीभीत के एडिशनल एसपी विक्रम दहिया को चंदौली की जिम्मेदारी मिली है. जौनपुर नगर के एसपी आयुष श्रीवास्तव को एसपी उन्नाव नगर बनाया गया है. वहीं फिरोजाबाद में तैनात एएसपी राजेश गुनावत को एडीसीपी वाराणसी और चंदौली के एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर को एसपी सिटी जौनपुर बनाया गया है.

कई अधिकारियों को प्रमोशन के साथ नई तैनाती

फेरबदल में कई अधिकारियों को पदोन्नति के साथ नई जिम्मेदारियां भी मिली हैं. देवेश चतुर्वेदी को एएसपी अयोध्या से एडिशनल एसपी अंबेडकरनगर, विवेक तिवारी को एएसपी खीरी से एडिशनल एसपी बाराबंकी और सुमित सुधाकर रामटेके को कानपुर से एडिशनल एसपी संभल बनाया गया है. अरीबा नोमान को एडीसीपी कानपुर नगर और मनोज कुमार यादव को आगरा में नई जिम्मेदारी मिली है. इसके अलावा ट्रेनिंग डायरेक्टरेट लखनऊ में तैनात एडिशनल एसपी रिजुल को गाजियाबाद भेजा गया है.

डीसीपी ट्रैफिक समेत इन पदों पर भी नई तैनाती

एसपी सीआईडी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को लखनऊ में डीसीपी बनाया गया है, जबकि कानपुर में डीसीपी कपिल देव सिंह को लखनऊ में डीसीपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी मिली है. गोरखपुर के एसपी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद को आगरा में डीसीपी और अयोध्या के एसपी बलवंत चौधरी को डीसीपी गाजियाबाद बनाया गया है. इटावा के एसपी अभय नाथ त्रिपाठी को कानपुर भेजा गया है. वहीं कानपुर के डीसीपी राजेश पांडेय और हापुड़ के एसपी विनीत भटनागर को वाराणसी में डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है.

ये भी पढ़ें: 'मैं इसके साथ ही रहूंगी...', तीन बच्चों की मां को 25 साल की लड़की से हुआ प्यार, जानें पूरा मामला