Bank Jobs: यूनियन बैंक में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों पर वैकेंसी, जानें कौन कर सकता है अप्लाई

Union Bank Recruitment 2026: अगर आप बैंकिंग सेक्टर में अधिकारी बनने का सपना देख रहे हैं, तो यह आपके लिए शानदार मौका हो सकता है.

union-bank-so-recruitment-2026-395-officer-vacancies-apply
Image Source: Magnific

Union Bank Recruitment 2026: अगर आप बैंकिंग सेक्टर में अधिकारी बनने का सपना देख रहे हैं, तो यह आपके लिए शानदार मौका हो सकता है. यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने भर्ती परियोजना 2026-27 के तहत स्पेशलिस्ट ऑफिसर, जनरल बैंकिंग ऑफिसर और डोमेन एक्सपर्ट ऑफिसर समेत कुल 395 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं. आवेदन प्रक्रिया 21 जुलाई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 10 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. यह भर्ती नियमित आधार पर होगी और चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति बैंक की जरूरत के अनुसार देशभर की विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों में की जाएगी.

इन पदों पर निकली भर्ती

इस भर्ती अभियान के तहत विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी स्तर के पदों को भरा जाएगा. सबसे अधिक 163 रिक्तियां मैनेजर पद के लिए निर्धारित की गई हैं, जबकि 153 पद सीनियर मैनेजर, 52 पद चीफ मैनेजर, 20 पद असिस्टेंट जनरल मैनेजर और 7 पद डिप्टी जनरल मैनेजर के लिए रखे गए हैं. अलग-अलग पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और अनुभव भी अलग निर्धारित किए गए हैं, इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना का सावधानीपूर्वक अध्ययन करना चाहिए.

आवेदन शुल्क, आयु सीमा और पात्रता

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी वर्ग के उम्मीदवारों को 177 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि अन्य सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 1180 रुपये निर्धारित किया गया है. आयु सीमा पद के अनुसार तय की गई है. अधिकांश पदों के लिए न्यूनतम आयु 22 वर्ष रखी गई है, जबकि अधिकतम आयु 30 वर्ष से लेकर 50 वर्ष तक हो सकती है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ भी मिलेगा.

चयन प्रक्रिया

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह मेरिट आधारित रखा गया है. एमएमजीएस-2 और एमएमजीएस-3 स्तर के पदों के लिए आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके बाद ग्रुप डिस्कशन, पर्सनल इंटरव्यू, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण होगा. वहीं एसएमजीएस-4 से टीईजीएस-6 स्तर के वरिष्ठ पदों के लिए ग्रुप डिस्कशन, अन्य मूल्यांकन प्रक्रियाएं और इंटरव्यू आयोजित किए जा सकते हैं. स्पेशलिस्ट ऑफिसर पदों की परीक्षा में संबंधित विषय से प्रोफेशनल नॉलेज पूछा जाएगा, जबकि जनरल बैंकिंग ऑफिसर के उम्मीदवारों से रीजनिंग, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, इंग्लिश लैंग्वेज और प्रोफेशनल नॉलेज से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी.

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार बेहतरीन वेतन और कई अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी. मैनेजर पद का शुरुआती वेतनमान 64,820 रुपये प्रतिमाह से शुरू होगा, जबकि डिप्टी जनरल मैनेजर स्तर तक वेतनमान 1,56,500 रुपये तक पहुंचेगा. बैंक के अनुसार विभिन्न पदों पर अनुमानित वार्षिक सीटीसी करीब 21 लाख रुपये से लेकर 47 लाख रुपये तक हो सकती है. इसके साथ महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, मेडिकल सुविधाएं, लीव फेयर कंसेशन और अन्य भत्तों का लाभ भी मिलेगा. हालांकि चयनित उम्मीदवारों को दो वर्ष की प्रोबेशन अवधि पूरी करनी होगी और नियुक्ति के बाद तीन वर्ष का सर्विस बॉन्ड भी लागू रहेगा. यदि कोई कर्मचारी निर्धारित अवधि पूरी होने से पहले नौकरी छोड़ता है, तो उसे बैंक द्वारा तय बॉन्ड राशि और संबंधित करों का भुगतान करना होगा.

ये भी पढ़ें: NICL Recruitment: ग्रेजुएट उम्मीदवारों के लिए सरकारी नौकरी का गोल्डन चांस, इतने पदों पर निकली भर्ती