हरियाणा के अंबाला में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत भरभराकर गिरी, 2 मजदूरों की मौत, कई मलबे में फंसे

Ambala Building Collapse: हरियाणा के अंबाला शहर के धूलकोट गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. बिल्डिंग के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

under-construction building collapsed in Ambala Haryana two laborers died
Image Source: Social Media

Ambala Building Collapse: हरियाणा के अंबाला शहर के धूलकोट गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. बिल्डिंग के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. 

मलबे में 15 से 20 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया. जेसीबी की मदद से मलबा हटाया जा रहा है. रेस्क्यू टीम ने एक मजदूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है. वहीं, मलबे के अंदर अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है.

मलबे में फंसे मजदूरों की तलाश जारी

हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. बचावकर्मी लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल इमारत गिरने की वजह सामने नहीं आई है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

अंबाला सिटी के एसडीएम दर्शन कुमार ने बताया कि यह बेहद दुखद घटना है और मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय एंबुलेंस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं.

अस्पताल में कई लोगों का इलाज

एसडीएम के मुताबिक, हादसे के बाद कई घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें से चार लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि पांच लोगों का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है. मलबे से अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं.

उन्होंने बताया कि मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी अभी पक्की जानकारी नहीं है. रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ने के बाद ही सही संख्या सामने आ पाएगी. फिलहाल 15 से 20 लोगों के मलबे में फंसे होने का अनुमान है, लेकिन यह संख्या अभी आधिकारिक तौर पर पुष्ट नहीं है. मृतकों समेत अब तक 12 लोगों की पहचान की जा चुकी है.

ठेकेदार और भवन मालिक मौके से फरार

दर्शन कुमार ने बताया कि फिलहाल इमारत के मालिकाना हक से जुड़ी जानकारी भी साफ नहीं है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ठेकेदार और भवन मालिक दोनों मौके से फरार हैं. प्रशासन का कहना है कि मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई होगी.

ये भी पढ़ें- अफगान महिला को पाकिस्तानी मंत्री ने ऐसा क्या बोला, जिससे भड़क गए लोग? देखें VIDEO