Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध अब एक और खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. इस बार मामला सीधे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की जान पर बन आया. रूसी मीडिया की एक चौंकाने वाली रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन ने पुतिन के हेलीकॉप्टर पर ड्रोन से हमला करने की कोशिश की. यह हमला तब किया गया जब पुतिन रात के समय कुर्स्क क्षेत्र में उड़ान भर रहे थे. हालांकि राहत की बात यह रही कि रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने वक्त रहते ड्रोन को मार गिराया और राष्ट्रपति सुरक्षित बच गए.
पुतिन की उड़ान पर हमला
रूस के अधिकारियों का कहना है कि यूक्रेनी ड्रोन ने पुतिन के फ्लाइट रूट को टारगेट किया था. यह कोई सामान्य हमला नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश मानी जा रही है. एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने बताया कि, "हमने समय रहते खुफिया संकेतों को पकड़ा और ड्रोन को पुतिन के मार्ग तक पहुंचने से पहले ही खत्म कर दिया."
यूक्रेन की चुप्पी और रूस की चिंता
इस गंभीर हमले की कोशिश के बाद भी यूक्रेनी सरकार या सेना की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. लेकिन यह पहली बार नहीं है जब यूक्रेन ने रूसी सैन्य ठिकानों या हाई-प्रोफाइल टारगेट्स को निशाना बनाने की कोशिश की हो.
कुर्स्क क्षेत्र क्यों बना निशाना?
कुर्स्क, रूस के पश्चिमी हिस्से में स्थित एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जो यूक्रेन की सीमा के करीब है. इस घटना ने एक बार फिर से रूसी हवाई सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर परीक्षा ली है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि हमला सफल हो जाता, तो यह युद्ध के परिदृश्य को पूरी तरह बदल सकता था.
ये भी पढ़ें: अफगानिस्तान में टांग अड़ाने की कोशिश कर रहा था तुर्किये, तालिबान ने निकाल दी हेकड़ी, ये बात कहकर दिखाया आईना