Flydubai Cockpit Attack: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबाई की फ्लाइट FZ1073 में हुए हमले को लेकर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से बड़ा बयान सामने आया है. UAE के राष्ट्रपति के राजनयिक सलाहकार डॉ. अनवर गर्गाश ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और सूझबूझ की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि मच्छार ने एक गंभीर आतंकी कृत्य और संभावित बड़ी त्रासदी के बीच साहस और जिम्मेदारी दिखाई.
वहीं, UAE के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई है. जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि घटना का किसी आतंकी गतिविधि या मकसद से संबंध था या नहीं और क्या इसके पीछे पहले से कोई योजना या निर्देश था.
UAE का बड़ा बयान, आतंक के एंगल से भी जांच
फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कॉकपिट में पायलट और को-पायलट के बीच हिंसक घटना हुई. भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर कथित तौर पर को-पायलट ने हमला किया. इसके बाद विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा. कुछ ही देर में कैप्टन ने घायल हालत में कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों और क्रू के लोगों ने हमलावर को काबू करने में मदद की.
UAE के अधिकारी ने कैप्टन मच्छार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बेहद मुश्किल हालात में साहस और जिम्मेदारी का परिचय दिया. उन्होंने यह भी कहा कि कट्टरपंथ और आतंकवाद के खतरे के बीच सतर्कता जरूरी है.
30 सितंबर को विमान में क्या हुआ?
फ्लाईदुबाई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी. विमान में 174 यात्री और क्रू के सदस्य सवार थे. उड़ान के दौरान कॉकपिट में अचानक हिंसक घटना हुई और भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार घायल हो गए. इसी दौरान विमान तेजी से नीचे जाने लगा. रिपोर्टों के मुताबिक, विमान कुछ ही समय में करीब 14 हजार फीट नीचे आ गया.
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया. इसके बाद यात्रियों और क्रू के कुछ सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर को काबू किया. विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने इसके बाद कंट्रोल संभाला और फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया.
UAE में हाई-लेवल जांच शुरू
क्योंकि विमान UAE में रजिस्टर्ड है और UAE का झंडा लेकर उड़ रहा था, इसलिए UAE के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी ने पब्लिक प्रॉसिक्यूशन के विशेषज्ञ सदस्यों की एक टीम बनाई है. यह टीम घटना के कारण, मकसद और इससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
जांच में खास तौर पर यह देखा जा रहा है कि क्या घटना के पीछे कोई आतंकी मकसद था, क्या इसे पहले से प्लान किया गया था और क्या किसी ने हमलावर को निर्देश दिए थे. UAE ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की अटकल या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें.
कैप्टन स्मित मच्छार बने संकट में सबसे बड़ा सहारा
हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार खुद गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलकर बाकी लोगों को अंदर आने का मौका दिया. इसके बाद यात्रियों और क्रू ने हमलावर को काबू किया और दूसरे पायलटों ने विमान को सुरक्षित लैंड कराया. इस पूरी घटना में कैप्टन मच्छार की भूमिका की भारत और इजरायल समेत कई जगहों पर तारीफ हुई है.
फिलहाल इस मामले की जांच जारी है. UAE यह पता लगाने में जुटा है कि आखिर फ्लाइट के कॉकपिट में हमला क्यों हुआ और इसके पीछे कोई आतंकी साजिश या पहले से की गई प्लानिंग थी या नहीं. जांच पूरी होने के बाद ही घटना के मकसद और इसके पीछे की पूरी कहानी साफ हो सकेगी.
ये भी पढ़ें- 44 साल का इंतजार खत्म! चीन को हराकर भारत की बेटियों ने जीता गोल्ड, LA 2028 का टिकट भी पक्का