India vs China Hockey: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है. शुक्रवार, 2 अक्टूबर को काकामिगाहारा के गिफू प्रीफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 1-0 से हराया. भारत की ओर से मैच का एकमात्र गोल लालरेमसियामी ने किया.
इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल बाद एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है. इसके अलावा टीम ने लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है.
पहले क्वार्टर में भारत ने बनाई बढ़त
मुकाबले का पहला क्वार्टर भारत के नाम रहा. सलीमा टेटे और साक्षी ने शानदार मूव बनाया, जिसके बाद लालरेमसियामी ने रिवर्स हिट के जरिए गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी.
दूसरे क्वार्टर में चीन ने अपना खेल तेज किया. चीन को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले और 23वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक भी मिला. झांग यिंग ने पेनल्टी स्ट्रोक लिया, लेकिन भारतीय गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार बचाव करते हुए चीन को बराबरी करने से रोक दिया.
डिफेंस के आगे चीन के हमले बेअसर
तीसरे क्वार्टर में भी चीन ने लगातार हमले किए और कई अच्छे मूव बनाए. हालांकि, भारतीय डिफेंस और गोलकीपर सविता पूनिया ने हर बार चीन के प्रयासों को नाकाम कर दिया. इस क्वार्टर में चीन को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले.
एक मौके पर चीन को पेनल्टी स्ट्रोक भी दिया गया था, लेकिन भारतीय टीम ने रिव्यू लिया. रिव्यू के बाद फैसला बदला गया और चीन को सिर्फ पेनल्टी कॉर्नर मिला.
आखिरी क्वार्टर में भी भारत ने बचाई बढ़त
चौथे क्वार्टर में चीन ने गोल करने के लिए लगातार दबाव बनाया. चीनी खिलाड़ियों ने कई बार भारतीय सर्कल में पहुंचकर हमला किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें गोल करने का मौका नहीं दिया.
आखिरी सीटी बजने तक भारत ने अपनी 1-0 की बढ़त कायम रखी और गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया.
44 साल बाद मिला महिला हॉकी में गोल्ड
एशियन गेम्स में महिला हॉकी की शुरुआत 1982 में हुई थी. भारत ने उसी साल पहले संस्करण में गोल्ड मेडल जीता था. इसके बाद भारतीय टीम को स्वर्ण पदक के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा.
भारत ने 1998 और 2018 में फाइनल तक जगह बनाई थी, लेकिन दोनों बार उसे सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. 1998 के फाइनल में साउथ कोरिया और 2018 में जापान ने भारत को हराया था.
भारतीय महिला टीम ने 1986, 2006, 2014 और 2022 के एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीते थे. अब 2026 में चीन को हराकर टीम ने एक बार फिर गोल्ड अपने नाम कर लिया.
भारतीय टीम
बिछू देवी (गोलकीपर), सलीमा टेटे (कप्तान), नवनीत कौर, निक्की प्रधान, दीपिका, लालरेमसियामी, नेहा, ज्योति, सुशीला चानू, इशिका चौधरी, सुनेलिता टोप्पो, शिल्पी डबास, सविता पूनिया (गोलकीपर), इशिका, साक्षी राणा, ऋतुजा दादासो पिसल, लालथंतलुआंगी और बलजीत कौर.
ये भी पढ़े- चीन की उड़ी नींद! अमेरिका ने ताइवान भेजा इस घातक हथियार की पहली खेप, जानें इसकी खासियत