Disha Patani House Firing: बरेली में 12 सितंबर को दिशा पाटनी के घर हुई फायरिंग की घटना ने पूरे प्रदेश को हिला कर रख दिया था. इस गंभीर मामले में अब यूपी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गाजियाबाद में एनकाउंटर में ढेर कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, ये दोनों आरोपी रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग के सक्रिय सदस्य थे, जिनकी पहचान रविंद्र उर्फ कल्लू और अरुण के रूप में हुई है.
हरियाणा से जुड़े बदमाश
रविंद्र और अरुण, जो हरियाणा के रोहतक और सोनीपत के रहने वाले थे, बीते कुछ समय से बरेली और आसपास के इलाकों में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे. इन दोनों पर दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने का आरोप था, जिसके बाद बरेली पुलिस और यूपी एसटीएफ ने उनकी तलाश तेज कर दी थी. दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों के सीसीटीवी फुटेज और क्राइम रिकॉर्ड्स का बारीकी से विश्लेषण किया गया.
हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपी
यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली की सीआई यूनिट की संयुक्त टीम ने ट्रॉनिका सिटी, गाजियाबाद में आरोपियों को घेर लिया. मुठभेड़ में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. उनके कब्जे से ग्लॉक और जिगाना पिस्टल समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं, जो उनकी घातक नियत को दर्शाते हैं.
2500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके के 2500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे. बाइक सवार आरोपियों ने कई बार यू-टर्न लेकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश की थी. लेकिन पुलिस की तकनीकी और सर्विलांस टीम की सतर्कता ने उन्हें पकड़ने में मदद की. दिल्ली से मिली जानकारी के अनुसार गोल्डी बरार गैंग वारदात के बाद सीधे रास्ते से नहीं जाता, जिससे पुलिस को पकड़ने में और मदद मिली.
चार राज्यों के 515 अपराधियों की डिटेल पुलिस के हाथ लगी
बरेली पुलिस के हाथ 515 अपराधियों की एक विस्तृत एल्बम लगी, जिसमें पंजाब, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली के अपराधियों का डेटा था. खासकर जमानत पर छूटे अपराधियों पर पुलिस की नजर थी. साइबर और सर्विलांस टीम की जांच में ATM फुटेज और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी खंगाले गए ताकि अपराधियों की आर्थिक गतिविधियों पर भी नज़र रखी जा सके.
CM योगी की सख्त कार्रवाई का परिणाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच और कार्रवाई के आदेश दिए थे. यूपी एसटीएफ की यह मुठभेड़ दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में हुई पहली बड़ी सफलता है, जिससे साफ होता है कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
ये भी पढ़ें: हाथ-पैर बांधे, फिर काटे बाल, मां के साथ मिलकर पीटा... पत्नी संग पति की हैवानियत पढ़ कांप उठेगा कलेजा