तेजी से बदलती वैश्विक रक्षा तकनीकों के बीच तुर्की ने एक ऐसा हथियार पेश किया है जो भविष्य के युद्धों की तस्वीर बदल सकता है. तुर्की ने दुनिया का पहला ऐसा टैंक पेश किया है जो दुश्मन के ड्रोन को सेकंडों में गिराने में सक्षम है. इस लेजर-संचालित टैंक का नाम ALKA-KAPLAN है, जिसे हाल ही में परीक्षण के दौरान पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखाया गया.
ALKA-KAPLAN टैंक को तुर्की की आधुनिक सैन्य तकनीक का नायाब उदाहरण बताया जा रहा है. यह टैंक न केवल दुश्मन के ड्रोन को हवा में ही खत्म कर सकता है, बल्कि इसके पास कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इलेक्ट्रोमैग्नेटिक जैमिंग और लेजर तकनीक जैसी कई उन्नत विशेषताएं हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि यह टैंक पारंपरिक एयर डिफेंस सिस्टम के मुकाबले कई गुना सस्ता और त्वरित विकल्प हो सकता है. आमतौर पर ड्रोन को गिराने के लिए महंगी मिसाइलों की जरूरत होती है, लेकिन इस लेजर टैंक के माध्यम से यह काम चंद सेकंडों और कम लागत में संभव है.
ड्रोन से लेकर हेलिकॉप्टर तक का दुश्मन
यह टैंक सिर्फ ड्रोन ही नहीं, बल्कि हेलिकॉप्टर, आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइसेस) और जमीन पर रखे अन्य विस्फोटक उपकरणों को भी पहचानकर उन्हें नष्ट करने में सक्षम है. एक वीडियो फुटेज में ALKA-KAPLAN को ड्रोन पर निशाना साधते हुए और कुछ ही सेकंड में उसे आसमान से गिराते हुए देखा गया. इसकी कार्यप्रणाली दो चरणों में होती है — पहले जैमर के जरिए ड्रोन को निष्क्रिय किया जाता है और फिर लेजर बीम से उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया जाता है.
युद्ध की रणनीति में नया मोड़
ALKA-KAPLAN को विशेष रूप से पैदल सेना के साथ समन्वय में काम करने और शहरी युद्ध के दौरान हवाई खतरों से सैनिकों को बचाने के लिए डिजाइन किया गया है. इसे उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्रों की रक्षा में और सैनिकों के काफिलों के साथ तैनात किया जा सकता है. यह तकनीक आने वाले समय में शहरी संघर्षों में गेमचेंजर साबित हो सकती है.
IDEF 2025 में होगा आधिकारिक लॉन्च
इंटरेस्टिंग इंजीनियरिंग वेबसाइट के अनुसार, तुर्की इस टैंक को IDEF 2025 टेक इवेंट में औपचारिक रूप से पेश करेगा. यह कदम तुर्की के हथियारों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और वैश्विक हथियार बाजार में अपनी पैठ मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है.
भारत के लिए क्यों बढ़ी चिंता?
जहां तुर्की की यह तकनीक सैन्य दृष्टिकोण से क्रांतिकारी मानी जा रही है, वहीं भारत के लिए यह चिंता का विषय भी बन सकता है. खासतौर पर इस पृष्ठभूमि में कि अतीत में तुर्की ने पाकिस्तान के साथ सैन्य सहयोग बढ़ाया है. अगर भविष्य में यह टैंक पाकिस्तान को निर्यात किया जाता है, तो भारत को अपनी हवाई सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत करना पड़ेगा.
यह भी पढ़ें: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद दहशत में पाकिस्तान, भारत की समुद्री शक्ति से कांप उठा इस्लामाबाद; जानिए अब क्या बोला