इस्लामाबाद: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक पुलिस चेकपोस्ट पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं. हमला डेरा इस्माइल खान जिले में हुआ. हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन को पुलिस और कस्टम की संयुक्त चेकपोस्ट से टकरा दिया. धमाके में सुरक्षाकर्मियों के साथ आम लोग भी चपेट में आए. मरने वालों में दो महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं.
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, मृतकों और घायलों में ज्यादातर सुरक्षा बलों के जवान और सड़क से गुजर रहे लोग थे. प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है.
रेस्क्यू एंबुलेंस पर भी हमला
चेकपोस्ट पर धमाके के बाद घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया. इसी दौरान बंदूकधारियों ने रेस्क्यू टीम की एंबुलेंस पर भी गोलीबारी कर दी. खैबर पख्तूनख्वा की आपातकालीन सेवा के प्रवक्ता बिलाल फैजी ने बताया कि एंबुलेंस घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जा रही थी, तभी उस पर फायरिंग हुई.
इस हमले में एक बचावकर्मी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. इसके बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और राहत-बचाव अभियान जारी रखा गया.
TTP ने ली हमले की जिम्मेदारी
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP ने हमले की जिम्मेदारी ली है. इसे पाकिस्तानी तालिबान के नाम से भी जाना जाता है. यह अफगानिस्तान के तालिबान से अलग संगठन है, हालांकि दोनों के बीच करीबी संबंध बताए जाते हैं.
पाकिस्तान में पिछले कुछ वर्षों में आतंकी हिंसा बढ़ी है. इनमें कई हमलों की जिम्मेदारी TTP और बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) जैसे संगठनों ने ली है. BLA मुख्य रूप से बलूचिस्तान में सक्रिय है.
क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी खान मुबाशिर मलिक ने बताया कि हमलावर ने अमन मेला इलाके में पुलिस और कस्टम विभाग की संयुक्त चेकपोस्ट में विस्फोटक से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली घुसा दी. यह चेकपोस्ट डेरा इस्माइल खान-क्वेटा रोड पर है और यहां तस्करी रोकने के साथ अवैध आवाजाही की जांच की जाती है.
मरने वालों में 6 अधिकारी और 2 पुलिसकर्मी
विस्फोट इतना तेज था कि चेकपोस्ट का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पास का एक घर भी इसकी चपेट में आकर ढह गया. इस घर में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हुई.
एक सुरक्षा अधिकारी के अनुसार, कुल 13 लोगों की मौत हुई है. इनमें आत्मघाती हमलावर के अलावा आबकारी और कस्टम विभाग के 6 अधिकारी, 2 पुलिसकर्मी, 2 महिलाएं और 2 बच्चे शामिल हैं.
अफगानिस्तान की झड़प का बदला?
यह हमला पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर हुई झड़प के दो दिन बाद हुआ है. पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, सीमा पर हुई लड़ाई में अफगान तालिबान के कम से कम 13 लड़ाके मारे गए थे.
यह झड़प अफगानिस्तान के अंदर पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमलों के बाद हुई थी. दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच तुर्की, कतर और सऊदी अरब की मध्यस्थता की कोशिशें भी चल रही हैं. इन देशों की कोशिश पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच तनाव कम कर शांति का रास्ता निकालने की है.
ये भी पढ़ें- PoK में पाकिस्तान के खिलाफ बगावत तेज, हजारों लोग कर रहे LoC खत्म करने और भारत से जुड़ने की मांग!