ट्रस्ट, टेक्नोलॉजी और टैलेंट... न्यूजीलैंड में पीएम मोदी ने बताया ट्रेड का '3T' फॉर्मूला, FTA से बदलेगी तस्वीर

India New Zealand Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड दौरे के दौरान आयोजित गाला लंच में संबोधन किया. उन्होंने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का गर्मजोशी से स्वागत करने और शानदार मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद दिया.

Trust and Talent PM Modi outlines the 3T formula for trade in New Zealand
Image Source: Social Media

India New Zealand Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूजीलैंड दौरे के दौरान आयोजित गाला लंच में संबोधन किया. उन्होंने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन का गर्मजोशी से स्वागत करने और शानदार मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद दिया.

पीएम मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री लक्सन ने जिस तरह अपनापन और सम्मान दिया, उससे ऑकलैंड की ठंड भी कम महसूस हुई. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के लोगों से मिला प्यार और सम्मान हमेशा याद रहेगा.

40 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले साल प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा आई है. उन्होंने कहा कि करीब 40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा हो रहा है और यह दोनों देशों के संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत है.

पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों पर विश्वास रखते हैं और यही बात भारत-न्यूजीलैंड की दोस्ती को मजबूत बनाती है. उन्होंने बताया कि भारत और न्यूजीलैंड ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक ले जाने का फैसला किया है. अब दोनों देश तय लक्ष्यों और बेहतर सहयोग के साथ आगे बढ़ेंगे.

फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से खुलेंगे नए अवसर

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने रिकॉर्ड समय में फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पूरा किया है. इससे दोनों देशों के उद्योगों, किसानों और युवाओं को नए मौके मिलेंगे. उन्होंने कहा कि दोनों देश केवल व्यापार ही नहीं बल्कि तकनीक, भरोसे और प्रतिभा के क्षेत्र में भी साथ काम कर रहे हैं.

प्रधानमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार में 50 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट अगले पांच वर्षों में व्यापार को दोगुना करने में मदद करेगा. उन्होंने न्यूजीलैंड की ओर से भारत में 20 अरब डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता का भी स्वागत किया.

कृषि, डेयरी और स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड कृषि, डेयरी और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे. इससे किसानों और पशुपालकों को फायदा मिलेगा. उन्होंने कहा कि दोनों देश फिनटेक क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ा रहे हैं. 

भारत के यूपीआई और न्यूजीलैंड के भुगतान सिस्टम को जोड़ने पर काम किया जा रहा है. स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने पारंपरिक चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है.

रक्षा और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में बढ़ेगा सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच रक्षा और सुरक्षा सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है. उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सहयोग के लिए नए ढांचे पर सहमति बनाई है. नौसैनिक अभ्यास, लॉजिस्टिक सहयोग और हाइड्रोग्राफी जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच तालमेल और मजबूत होगा.

भारतीय समुदाय की तारीफ

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों की सबसे बड़ी ताकत दोनों देशों के लोगों के बीच का जुड़ाव है. उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न्यूजीलैंड में अपनी खास पहचान बनाई है. उन्होंने भारतीय समुदाय का सहयोग करने के लिए न्यूजीलैंड सरकार और वहां के लोगों का धन्यवाद किया.

उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक सहयोग समझौते से कला, संस्कृति, विरासत और रचनात्मक क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे. पीएम मोदी ने न्यूजीलैंड के विश्वविद्यालयों को भारत में अपने कैंपस खोलने के लिए भी आमंत्रित किया.

खेलों में भी बढ़ेगा साथ

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के खेल संबंधों के 100 साल पूरे हो रहे हैं. उन्होंने बताया कि सौ साल पहले मेजर ध्यानचंद के नेतृत्व में भारतीय हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था, जो दोनों देशों के खेल संबंधों की शुरुआत का अहम हिस्सा है. उन्होंने कहा कि क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी सहयोग बढ़ाया जा रहा है. इसके लिए स्पोर्ट्स एक्शन प्लान तैयार किया गया है.

आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ेंगे

वैश्विक मुद्दों पर पीएम मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड विश्व मंच पर भरोसेमंद साझेदार हैं. उन्होंने कहा कि दोनों देश मानते हैं कि संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक संस्थानों में सुधार की जरूरत है.

आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देशों ने संयुक्त कार्य समूह बनाने का फैसला किया है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड का सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए अहम है.

माओरी नव वर्ष पर दी शुभकामनाएं

अपने भाषण के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड के लोगों को माओरी नव वर्ष मातारिकी की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में जिसे मातारिकी कहा जाता है, भारत में उसे प्राचीन समय से कृत्तिका नक्षत्र के रूप में जाना जाता है.

पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि यह पर्व दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाएगा. इसके बाद न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने पीएम मोदी का धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड आपसी विश्वास और टीम भावना के साथ आगे बढ़ेंगे.

ये भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट में संकट बरकरार! ट्रंप की चेतावनी के बीच तेहरान में धमाकों से हड़कंप, ईरान का आया बयान