'मेरे खिलाफ तीन साजिशें रची गई...' ट्रंप ने UN पर लगाए गंभीर आरोप, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस करेगी जांच

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपनी हालिया उपस्थिति के दौरान खुद के खिलाफ "तीन अलग-अलग साजिशों" के होने का दावा किया है.

Trump said I was the victim of three conspiracies at the UN
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपनी हालिया उपस्थिति के दौरान खुद के खिलाफ "तीन अलग-अलग साजिशों" के होने का दावा किया है. ट्रंप ने इन घटनाओं को ‘बेहद संदेहास्पद’ बताते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव को जांच की औपचारिक मांग भेजी है.

ट्रंप ने कहा कि मंगलवार को न्यूयॉर्क में आयोजित संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 80वें सत्र में उनके खिलाफ जो हुआ, वह सिर्फ एक तकनीकी खामी नहीं थी, बल्कि सुनियोजित ढंग से उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई.

क्या हैं वे तीन घटनाएं जिन्हें ट्रंप ने बताया साजिश?

ट्रंप ने Truth Social पर विस्तार से बताया कि उनके साथ कौन-कौन सी घटनाएं घटीं और वे क्यों इन्हें संदेह के दायरे में मानते हैं:

1. एस्केलेटर अचानक बंद हो गया

ट्रंप के मुताबिक, जब वे और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप संयुक्त राष्ट्र भवन के अंदर प्रवेश कर रहे थे और मुख्य फ्लोर की ओर ले जाने वाला एस्केलेटर इस्तेमाल कर रहे थे, तभी वह अचानक बीच में रुक गया.

उन्होंने कहा, "अगर मैंने और मेलानिया ने रेलिंग नहीं पकड़ी होती, तो हम गिर सकते थे. यह तकनीकी खराबी नहीं लगती, यह एक कोशिश थी हमें चोट पहुँचाने की."

उन्होंने इस घटना को एक संभावित जानलेवा षड्यंत्र करार दिया और एस्केलेटर की सभी सीसीटीवी फुटेज और इमरजेंसी स्टॉप सिस्टम की जांच की मांग की है.

2. टेलीप्रॉम्प्टर फेल हो गया

ट्रंप ने बताया कि जब वे महासभा को संबोधित करने मंच पर पहुंचे और भाषण शुरू करने लगे, तभी टेलीप्रॉम्प्टर ने काम करना बंद कर दिया.

टेलीप्रॉम्प्टर एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस होता है जो वक्ताओं को स्क्रिप्ट पढ़ने में मदद करता है, खासकर जब वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर बोल रहे हों.

ट्रंप ने कहा, "पहले एस्केलेटर, फिर टेलीप्रॉम्प्टर. यह केवल संयोग नहीं हो सकता. ये एक साजिश की कड़ियाँ हैं."

हालांकि, बिना स्क्रिप्ट के उन्होंने लगभग 57 मिनट तक भाषण दिया, जिसकी सराहना कुछ लोगों ने की, लेकिन ट्रंप ने साफ किया कि यह स्थिति अनावश्यक और संदेहास्पद थी.

3. सभा हॉल में ऑडियो सिस्टम ठप

टेलीप्रॉम्प्टर की समस्या के बाद जब भाषण खत्म हुआ, तब तीसरी परेशानी सामने आई. ट्रंप के मुताबिक, सभा हॉल का मुख्य साउंड सिस्टम उस समय काम नहीं कर रहा था, जिसकी वजह से वहां मौजूद कई राष्ट्राध्यक्षों और प्रतिनिधियों को उनकी बात समझने के लिए ट्रांसलेटर की ईयरपीस का सहारा लेना पड़ा.

इस मुद्दे को लेकर ट्रंप ने चुटकी लेते हुए कहा, "भाषण खत्म होने के बाद मेलानिया ने मुझसे कहा, ‘मैंने एक शब्द भी नहीं सुना’. ये सब कुछ एक ही दिन में कैसे हो गया?"

जांच की मांग और सीक्रेट सर्विस की एंट्री

ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरेस को औपचारिक पत्र भेजा है जिसमें उन्होंने तीनों घटनाओं की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है. साथ ही उन्होंने आग्रह किया है कि सभी संबंधित तकनीकी उपकरणों की लॉग रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और मेंटेनेंस रिकॉर्ड फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखे जाएं.

इसके अलावा, ट्रंप ने घोषणा की है कि इस पूरे मामले की जांच में अब यूएस सीक्रेट सर्विस भी शामिल होगी, जो राष्ट्रपति की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाती है.

ये भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना ने अपने ही देश में फिर किया हमला, खैबर पख्तूनख्वा में 13 लोगों को मारा, बताया आतंकी