Quad Meeting 2026: फिलीपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार, 17 नवंबर को आयोजित क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई. इस बैठक में ट्रंप ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की और उन्हें एक मजबूत नेता बताया. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि मोदी ऐसे नेता हैं, जिनका पूरी दुनिया में सम्मान किया जाता है. उन्होंने क्वाड के अन्य नेताओं को भी अपना अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि उनके साथ काम करना काफी आसान रहता है.
ट्रंप बोले- पीएम मोदी बहुत सख्त इंसान हैं
क्वाड सम्मेलन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेहद मजबूत और सख्त व्यक्तित्व वाले नेता हैं. उन्होंने जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची का जिक्र करते हुए कहा कि वह शायद मोदी से भी ज्यादा सख्त हैं. ट्रंप ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को भी शानदार नेता बताया. उन्होंने कहा कि इन तीनों नेताओं के साथ उनके लंबे समय से अच्छे संबंध हैं और ये सभी उनके दोस्त हैं. ट्रंप के मुताबिक, पीएम मोदी एक महान नेता हैं और दुनियाभर में उनका काफी सम्मान किया जाता है.
क्वाड की दोस्ती और सहयोग को लेकर क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्वाड देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि यह साल उनके लिए काफी शानदार रहा है और क्वाड की बहाली के बाद चारों देशों के बीच आपसी सहयोग और दोस्ती मजबूत हुई है. ट्रंप ने कहा कि ये चारों देश दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारियों में शामिल हैं. उनके मुताबिक, अमेरिका, भारत, जापान और ऑस्ट्रेलिया स्वतंत्र, खुले, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के चार मजबूत स्तंभ हैं. सभी देश क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक कूटनीति के मुद्दों पर मिलकर काम कर रहे हैं.
चीन और रूस के साथ ट्रंप की बैठक पर भी नजर
मनीला में पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात को कूटनीतिक लिहाज से अहम माना जा रहा है. इसकी एक बड़ी वजह 19 नवंबर को चीन के शेनझेन शहर में होने वाली ट्रंप की संभावित त्रिपक्षीय बैठक है, जिसमें चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शामिल होने की बात कही गई है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में आर्थिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर रह सकता है. इसमें संवेदनशील तकनीक, महत्वपूर्ण खनिज, सप्लाई चेन और बड़े बुनियादी ढांचे से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
क्वाड सम्मेलन में इन मुद्दों पर हुई चर्चा
मनीला में क्वाड शिखर सम्मेलन का आयोजन भी अपने आप में अहम है. हाल के वर्षों में समुद्री विवादों को लेकर फिलीपींस और चीन के बीच तनाव बना हुआ है. ऐसे में फिलीपींस में चार देशों के नेताओं की बैठक को क्षेत्रीय रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सम्मेलन के एजेंडे में समुद्री व्यापार और कॉमर्शियल शिपिंग की सुरक्षा, क्रिटिकल मिनरल्स और मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात जैसे मुद्दे शामिल रहे. इन विषयों पर चारों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया.
ट्रंप के दौरे के खिलाफ मनीला में प्रदर्शन
एक तरफ जहां मनीला में क्वाड सम्मेलन के जरिए कूटनीतिक बातचीत हो रही थी, वहीं दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति के दौरे का विरोध भी देखने को मिला. रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप के मनीला पहुंचने पर उनके खिलाफ लगातार पांचवें दिन प्रदर्शन हुए. प्रदर्शनकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति के पुतले जलाए और मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध को तत्काल समाप्त करने की मांग की. इसके अलावा उन्होंने अमेरिका के नेतृत्व वाली सप्लाई चेन पहल 'पैक्स सिलिका' (Pax Silica) को रद्द करने की भी मांग उठाई.
ये भी पढ़ें- होर्मुज में भारतीयों क्रू वाले गैस टैंकर पर हमला, मिसाइल से बनाया निशाना, सरकार ने शुरू की निगरानी