होर्मुज में भारतीयों क्रू वाले गैस टैंकर पर हमला, मिसाइल से बनाया निशाना, सरकार ने शुरू की निगरानी

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही लगातार खतरनाक होती जा रही है. यहां से गुजरने वाले जहाजों पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं.

Gas tanker with Indian crew attacked in the Strait of Hormuz by a missile
Image Source: Social Media

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही लगातार खतरनाक होती जा रही है. यहां से गुजरने वाले जहाजों पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं. इसी बीच 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले LPG टैंकर 'तारा गैस' को मिसाइल हमले में निशाना बनाया गया. इस जहाज पर कुल 25 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल थे. इस घटना से भारत की चिंता बढ़ गई, क्योंकि जहाज पर बड़ी संख्या में भारतीय नाविक मौजूद थे.

हालांकि, राहत की बात यह रही कि हमले के बावजूद सभी 25 क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि भारत सरकार पूरे मामले पर नजर रख रही है. जहाज का संचालन करने वाली कंपनी के संपर्क में भी अधिकारी बने हुए हैं. सरकार की प्राथमिकता जहाज पर मौजूद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के कारण होर्मुज में जहाजों के लिए खतरा लगातार बढ़ रहा है.

ओमान के पास बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर

होर्मुज में LPG टैंकर पर हमले से पहले ओमान के पास एक तेल टैंकर भी समुद्री बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया था. इस टक्कर के बाद जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और उसका संचालन बंद हो गया. ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने इस घटना की जानकारी दी. यह हादसा ओमान के खासाब तट से करीब 13 किलोमीटर दूर हुआ था. राहत की बात यह रही कि जहाज पर मौजूद सभी क्रू मेंबर सुरक्षित बच गए.

ईरानी नौसेना ने भी इस घटना की पुष्टि की है. उसका दावा है कि टैंकर प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था और उसने अपना नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखा था. इससे वह डार्क मोड में चल रहा था. ईरान के मुताबिक, इस टक्कर में जहाज को काफी नुकसान पहुंचा है.

क्यों खतरनाक हो गया है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज?

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है. दुनिया की करीब 20 फीसदी तेल सप्लाई इसी रास्ते से होकर गुजरती है. एशिया के कई देशों तक तेल और गैस पहुंचाने के लिए यह समुद्री मार्ग बेहद जरूरी है. यही वजह है कि यहां तनाव बढ़ने का असर पूरी दुनिया की ऊर्जा सप्लाई पर पड़ सकता है.

28 फरवरी को अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद इस समुद्री रास्ते को लेकर तनाव और बढ़ गया. ईरान ने होर्मुज में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कई इलाकों में प्रतिबंध लगाए हैं. इन क्षेत्रों से गुजरने वाले जहाजों को मिसाइल हमलों और समुद्र में बिछाई गई बारूदी सुरंगों का खतरा बना हुआ है. अमेरिका भी इस समुद्री रास्ते पर अपनी निगरानी बनाए हुए है.

जहाजों की आवाजाही पर बढ़ा खतरा

होर्मुज में लगातार हो रहे हमलों से अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनियों की चिंता बढ़ गई है. पिछले 24 घंटों में कई जहाजों पर हमले और बारूदी सुरंगों से टकराने की घटनाएं सामने आई हैं. ऐसे हालात में इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों और उन पर काम करने वाले नाविकों की सुरक्षा बड़ा मुद्दा बन गई है. LPG टैंकर पर 24 भारतीयों की मौजूदगी ने भी इस खतरे को भारत के लिए गंभीर बना दिया है. फिलहाल भारतीय सरकार संबंधित कंपनी के संपर्क में है और सभी नाविकों की सुरक्षा पर नजर रख रही है.