Uttar Pradesh IAS Transfers: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 13 IAS अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों का आदेश जारी किया है. इस फेरबदल में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
इस बदलाव का असर आवास, कृषि, ऊर्जा, गृह, लोक निर्माण, औद्योगिक विकास और मंडलीय प्रशासन जैसे अहम विभागों पर पड़ा है. इससे पहले जुलाई महीने में भी सरकार ने 20 IAS अधिकारियों का तबादला किया था.
किस अधिकारी को मिली नई जिम्मेदारी?
- अनिल ढींगरा को गोरखपुर मंडलायुक्त के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त, नगर भूमि सीमारोपण का निदेशक और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग का सचिव बनाया गया है.
- इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है. इससे पहले वे कृषि और कृषि विपणन से जुड़े विभागों में सचिव के पद पर कार्यरत थे.
- रविन्द्र अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे और उन्हें राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है.
- वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडलायुक्त बनाया गया है. पहले वे पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक थे.
- प्रकाश बिंदु को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है. इससे पहले वे गृह एवं सतर्कता विभाग में सचिव थे.
- भूपेंद्र एस. चौधरी को बरेली मंडलायुक्त के पद से हटाकर प्रशासनिक सुधार विभाग का सचिव बनाया गया है.
- शम्भु कुमार को बरेली का नया मंडलायुक्त बनाया गया है. पहले वे पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक थे.
- डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है. इससे पहले वे लोक निर्माण विभाग (PWD) में सचिव थे.
- सौम्या अग्रवाल को प्रयागराज मंडलायुक्त के पद से हटाकर उत्तर प्रदेश की श्रमायुक्त बनाया गया है.
- संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है.
- पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) बनाया गया है.
- सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है.
- डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) बनाया गया है.
सरकार का क्या है उद्देश्य?
सरकार का कहना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न विभागों और मंडलों में कामकाज को और बेहतर बनाना है. गोरखपुर, बस्ती, बरेली और प्रयागराज जैसे महत्वपूर्ण मंडलों में नए मंडलायुक्त तैनात किए गए हैं.
इसके साथ ही आवास, कृषि, गृह, ऊर्जा, लोक निर्माण और औद्योगिक विकास जैसे प्रमुख विभागों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं. माना जा रहा है कि इन बदलावों से प्रशासनिक कामकाज में तेजी आएगी और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें- 'लोकतंत्र की उड़ाई जा रही खिल्ली...' विपक्ष के हंगामे पर भड़के CM योगी, बोले- सपा का आचरण पूरा प्रदेश देख रहा