Balotra Road Accident: राजस्थान के बालोतरा जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की जान चली गई. यह हादसा पचपदरा थाना क्षेत्र के पाटोदी इलाके के पास हुआ, जहां एक कार और रोडवेज बस के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार में सवार चारों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
काम पर जाते समय हुआ हादसा
मृतकों की पहचान कोडूका गांव निवासी उदाराम (39), रेखाराम (35), जोगाराम (31) और विशनाराम (29) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि चारों भाई निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और रोजाना अलग-अलग स्थानों पर काम करने जाते थे.
मंगलवार को सभी एक ही कार्यस्थल पर जाने के लिए कार से कालेवा गांव की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पाटोदी के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी कार की भिड़ंत हो गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
मुआवजे और कार्रवाई की मांग
दुर्घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए. उन्होंने पाटोदी रोड पर जाम लगाकर रोडवेज बस चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों से बातचीत कर मार्ग खुलवाने का प्रयास किया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जानकारी के अनुसार मृतकों के परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, तीन भाइयों की पत्नियां और कई छोटे बच्चे हैं. चार भाइयों में से जोगाराम अविवाहित थे. एक ही परिवार के चार बेटों की एक साथ मौत से कोडूका गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है. पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- भूकंप के जोरदार झटकों से हिल गया चीन, दहशत में घर छोड़कर भागे लोग, जानें कितनी रही तीव्रता