भूकंप के जोरदार झटकों से हिल गया चीन, दहशत में घर छोड़कर भागे लोग, जानें कितनी रही तीव्रता

China Earthquake: चीन के उत्तर-पश्चिमी किंगहाई प्रांत में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों की चिंता बढ़ा दी. रिक्टर स्केल पर 6.3 तीव्रता वाले इस भूकंप ने हैक्सी क्षेत्र को हिला कर रख दिया.

China Qinghai Haixi earthquake aftershocks 6.3 magnitude
Image Source: Magnific

China Earthquake: चीन के उत्तर-पश्चिमी किंगहाई प्रांत में मंगलवार को आए शक्तिशाली भूकंप ने लोगों की चिंता बढ़ा दी. रिक्टर स्केल पर 6.3 तीव्रता वाले इस भूकंप ने हैक्सी क्षेत्र को हिला कर रख दिया. झटके इतने तेज थे कि कई इलाकों में लोगों को घरों और इमारतों से बाहर निकलना पड़ा. प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा से 8,600 से अधिक लोगों के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं.

कम गहराई के कारण ज्यादा महसूस हुए झटके

चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र के अनुसार, भूकंप की गहराई जमीन के भीतर केवल 10 किलोमीटर थी. विशेषज्ञों का मानना है कि जब भूकंप का केंद्र सतह के अपेक्षाकृत करीब होता है, तब उसके झटके अधिक तीव्रता के साथ महसूस किए जाते हैं. यही कारण रहा कि किंगहाई और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने तेज कंपन का अनुभव किया और कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया.

कमजोर ढांचों पर मंडरा रहा नुकसान का खतरा

भूकंप के बाद सबसे बड़ी चिंता पुराने और कमजोर निर्माण वाली इमारतों को लेकर जताई जा रही है. स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक कई इलाकों में लोगों ने मध्यम से लेकर काफी तेज झटके महसूस किए. हालांकि अभी तक किसी बड़े पैमाने पर तबाही या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अधिकारियों को आशंका है कि दूरदराज के क्षेत्रों में कुछ संरचनाओं को नुकसान पहुंचा हो सकता है. इसी वजह से प्रभावित इलाकों का विस्तृत सर्वेक्षण किया जा रहा है.

अलर्ट मोड पर राहत-बचाव एजेंसियां 

भूकंप के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और चीनी आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं. अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं और संभावित नुकसान का आंकलन कर रहे हैं. राहत एवं बचाव कार्यों को जरूरत पड़ने पर तेजी से शुरू करने के लिए आपातकालीन संसाधनों को भी तैयार रखा गया है. फिलहाल प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है.

ये भी पढ़ें: US Iran Deal: ईरान को 300 अरब डॉलर देने की बात पर बौखलाए ट्रंप! बताया फेक न्यूज, जानें क्या कहा