विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, 8 श्रमिकों की मौत, कई घायल

Vizag Steel Plant Blast: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार को एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया. एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में पिघले हुए स्टील के रिसाव के कारण आठ श्रमिकों की जान चली गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए.

Tragic accident in Visakhapatnam steel plant 8 workers died many injured
Image Source: Social Media

Vizag Steel Plant Blast: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में सोमवार को एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया. एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में पिघले हुए स्टील के रिसाव के कारण आठ श्रमिकों की जान चली गई, जबकि कई अन्य कर्मचारी घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक लैडल (स्टील ले जाने वाले बड़े कंटेनर) में विस्फोट होने के बाद बड़ी मात्रा में पिघला हुआ स्टील बाहर फैल गया, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हादसे के समय स्टील का तापमान करीब 1600 डिग्री सेल्सियस था. अत्यधिक गर्म पिघले हुए स्टील के फैलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में आपातकालीन स्थिति घोषित कर दी गई.

कई कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका

हादसे के बाद आग लगने की भी सूचना है. आशंका जताई जा रही है कि कुछ कर्मचारी यूनिट के भीतर फंस गए हैं. फायर एंड इमरजेंसी सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया. अधिकारियों का कहना है कि घायलों और प्रभावित कर्मचारियों की संख्या को लेकर अभी अंतिम पुष्टि नहीं हुई है.

मुख्यमंत्री ने जताया शोक

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने संबंधित विभागों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा है.

गृह मंत्री ने अधिकारियों से मांगी रिपोर्ट

राज्य की गृह मंत्री वंगलापुडी अनिता ने घटना की जानकारी मिलते ही विशाखापत्तनम के जिला कलेक्टर और पुलिस आयुक्त से संपर्क कर हालात की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था करने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. गृह मंत्री स्वयं भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं और लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के संपर्क में बनी हुई हैं.

हादसे के कारणों की जांच शुरू

प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट और स्टील रिसाव के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

ये भी पढ़ें- राम चरण स्टारर 'पेद्दि' को हॉलीवुड से मिली सराहना, फिल्ममेकर फेडॉन पापामाइकल ने की विजुअल्स की तारीफ