Mumbai Rain: मुंबई में बुधवार सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है. बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. मौसम विभाग ने मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे और पालघर के कुछ इलाकों के लिए अगले 3 घंटे तक बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. लोगों से कहा गया है कि बहुत जरूरी काम हो तभी घर से बाहर निकलें.
मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने कहा कि अगले 3 घंटे काफी अहम हैं. उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 196 जारी किया गया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश का आनंद लें, लेकिन पूरी सावधानी रखें और बिना जरूरत बाहर न जाएं.
जोगेश्वरी में टेम्पो पर गिरा पेड़
जोगेश्वरी पश्चिम के ए.सी. रोड पर बारिश के दौरान एक बड़ा पेड़ गिर गया. पेड़ सड़क किनारे खड़े एक टेम्पो पर गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. पास में लगा बिजली का मीटर बॉक्स भी टूट गया.
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई. राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है. सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और पेड़ हटाकर रास्ता साफ करने का काम शुरू किया.
#WATCH | Maharashtra: Waterlogging witnessed in Worli area of Mumbai due to heavy rainfall. pic.twitter.com/6MBp8HCLp2
— ANI (@ANI) July 1, 2026
अंधेरी में भी पेड़ गिरा
अंधेरी के मरोल इलाके में भी एक बड़ा पेड़ सड़क किनारे खड़ी 2 से 3 कारों पर गिर गया. इस हादसे में वाहनों को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. इस घटना को लेकर शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने विधानसभा में बारिश के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया.
कई इलाकों में पानी भरा
लगातार बारिश की वजह से मुंबई के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है. घाटकोपर के एलबीएस रोड पर सड़कें पानी से भर गईं, जिससे विक्रोली से घाटकोपर जाने वाला ट्रैफिक प्रभावित हुआ.
वहीं, वरली कोलीवाड़ा इलाके में भी सड़कों पर पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. निचले इलाकों में पानी जमा होने से रोजमर्रा की आवाजाही पर असर पड़ा है. प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं.
ट्रैफिक पर भी असर
तेज बारिश का असर शहर के ट्रैफिक पर भी दिखा. बोरीवली से मुंबई आने वाले रास्ते पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही. वहीं, मुंबई से बोरीवली जाने वाला ट्रैफिक फिलहाल सामान्य है. हालांकि अभी शहर में कहीं भी बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम की स्थिति नहीं है, लेकिन कई जगह पानी भरने से वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें. पानी भरे रास्तों से बचें और पेड़ों या कमजोर इमारतों के पास खड़े न हों. अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तुरंत राहत और बचाव का काम किया जाएगा.
ये भी पढ़े- WhatsApp Username फीचर पर सरकार का एक्शन, Meta को भेजा नोटिस, रोल आउट पर लगाई रोक