मेड इन इंडिया Ulaa ब्राउज़र मचा रहा तहलका, क्रोम को दे रहा टक्कर? फीचर्स देख आप भी हो जाएंगे फैन

Ulaa Browser: टेक्नोलॉजी की दुनिया में भारत की मौजूदगी अब और मजबूत हो रही है. जोहो कंपनी ने पहले Arattai ऐप से धमाल मचाया और अब उनकी अगली पेशकश, Ulaa ब्राउजर, तेजी से लोकप्रिय हो रहा है.

Top features of Made-in-India Ulaa browser that could win over even Chrome users
Image Source: Social Media

Ulaa Browser: टेक्नोलॉजी की दुनिया में भारत की मौजूदगी अब और मजबूत हो रही है. जोहो कंपनी ने पहले Arattai ऐप से धमाल मचाया और अब उनकी अगली पेशकश, Ulaa ब्राउजर, तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. यह ब्राउजर न केवल भारत में, बल्कि दुनियाभर के ऐप स्टोर पर टॉप पोजीशन पर पहुंच चुका है. इसकी खासियत है इसका प्राइवेसी-केंद्रित डिजाइन और सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध होना. चलिए, जानते हैं इस मेड-इन-इंडिया ब्राउजर के वे फीचर्स जो Chrome यूजर्स को भी आकर्षित कर रहे हैं.

यूजर डेटा बिल्कुल सुरक्षित

Ulaa ब्राउजर की सबसे बड़ी खासियत इसकी प्राइवेसी है. जोहो कंपनी का साफ कहना है कि यह ब्राउजर यूजर का डेटा ट्रैक नहीं करता और न ही उसे किसी के साथ शेयर करता है. आपकी पर्सनल जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहती है, जिससे कोई विज्ञापनदाता आपको ट्रैक नहीं कर सकता. ये उस बड़े अंतर से अलग है जो गूगल क्रोम में देखने को मिलता है, जहां यूजर की ब्राउज़िंग हिस्ट्री ऐड दिखाने के लिए इकट्ठा की जाती है.

इन-बिल्ट ऐड ब्लॉकर से मिलेगी आरामदायक ब्राउज़िंग

इंटरनेट पर विज्ञापनों की भरमार अक्सर हमारे अनुभव को खराब कर देती है. Ulaa ब्राउजर में दिया गया इन-बिल्ट ऐड ब्लॉकर इन झंझटों से निजात दिलाता है. इसका मतलब यह है कि आपको बार-बार पॉप-अप या बैनर विज्ञापन देखने को नहीं मिलेंगे और वेबपेज भी तेजी से खुलेंगे. इससे आपकी ब्राउज़िंग न केवल सुरक्षित, बल्कि आरामदायक भी हो जाती है.

काम और जरूरतों के हिसाब से अलग-अलग मोड

हर यूजर की ज़रूरत अलग होती है, और Ulaa ब्राउजर ने इसे समझते हुए कई मोड्स दिए हैं, जैसे वर्क मोड, पर्सनल मोड, किड्स मोड और डेवलपर्स मोड. हर मोड में अलग प्राइवेसी सेटिंग और कंटेंट फिल्टर होते हैं, जिससे यूजर को बार-बार सेटिंग बदलने की जरूरत नहीं पड़ती. यह फीचर खासतौर पर परिवारों और प्रोफेशनल यूजर्स के लिए बेहद उपयोगी है.

सरकार की भी मिली सराहना

Ulaa ब्राउजर सिर्फ यूजर्स में ही नहीं, बल्कि सरकार में भी लोकप्रिय हो चुका है. इसे इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के इंडियन वेब ब्राउजर डेवलपमेंट चैलेंज में विजेता घोषित किया गया है. इस प्रतियोगिता का मकसद भारत में विश्वस्तरीय ब्राउज़र विकसित करना था, जिसमें Ulaa ने अपनी प्रगति और क्षमता साबित की.

सभी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध

Ulaa ब्राउजर का एक बड़ा फायदा यह भी है कि यह Android, iOS, Windows, Mac और Linux जैसे सभी प्रमुख प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है. इससे यूजर्स अपने सभी उपकरणों पर एक जैसा, भरोसेमंद और तेज़ अनुभव पा सकते हैं. 

ये भी पढ़ें: आप भी ये ब्राउजर करते हैं इस्तेमाल तो हो जाएं सतर्क, साइबर अटैक का बढ़ा खतरा, सरकार ने जारी किया अलर्ट