आप भी ये ब्राउजर करते हैं इस्तेमाल तो हो जाएं सतर्क, साइबर अटैक का बढ़ा खतरा, सरकार ने जारी किया अलर्ट

अगर आप इंटरनेट ब्राउज़िंग के लिए Microsoft Edge ब्राउजर का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. हाल ही में, भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने Microsoft Edge के क्रोमियम-बेस्ड वर्जन में गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर एक हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है.

High risk alert issued for Microsoft Edge what users should do now
Image Source: Freepik

नई दिल्ली: अगर आप इंटरनेट ब्राउज़िंग के लिए Microsoft Edge ब्राउजर का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. हाल ही में, भारतीय कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने Microsoft Edge के क्रोमियम-बेस्ड वर्जन में गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर एक हाई-रिस्क अलर्ट जारी किया है. इन खामियों का गलत इस्तेमाल कर हैकर्स आपके कंप्यूटर में सेंधमारी कर सकते हैं, संवेदनशील डेटा चुरा सकते हैं, मालवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं और सिस्टम को क्रैश भी कर सकते हैं.

किन यूजर्स को है सबसे ज्यादा खतरा?

CERT-In की रिपोर्ट के मुताबिक, यह खामियां खासकर Microsoft Edge के पुराने वर्जन 141.0.3537.57 या उससे पहले के लिए खतरा बन सकती हैं. इस ब्राउजर के क्रोमियम-बेस्ड वर्जन का इस्तेमाल बहुत सारे यूजर्स कर रहे हैं, जिनमें स्टूडेंट्स, प्रोफेशनल्स और एंटरप्राइज यूजर्स शामिल हैं. अगर आप भी पुराना वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं, तो साइबर हमले का जोखिम आपके लिए अधिक हो सकता है. फिलहाल, Microsoft ने इन सुरक्षा खामियों को ठीक करने के लिए कोई पैच जारी नहीं किया है, इसलिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है.

CERT-In की सलाह: तुरंत अपडेट करें ब्राउजर

CERT-In ने सभी यूजर्स को Microsoft Edge ब्राउजर को तुरंत अपडेट करने की सख्त सलाह दी है. ब्राउजर अपडेट करने से ये खामियां दूर हो सकती हैं और आपका डाटा सुरक्षित रह सकता है. अपडेट करने के लिए अपने ब्राउजर को खोलें, ऊपर दाईं ओर तीन डॉट पर क्लिक करें, फिर ‘Help and Feedback’ में जाकर ‘About Microsoft Edge’ पर जाएं. इसके बाद ब्राउजर अपने आप लेटेस्ट वर्जन डाउनलोड और इंस्टॉल कर लेगा. अपडेट होने के बाद ब्राउजर को रिस्टार्ट करना न भूलें.

सुरक्षा के लिए हमेशा अपडेटेड रखें अपने ऐप्स

साइबर सुरक्षा के लिहाज से सिर्फ ब्राउजर ही नहीं, बल्कि सभी ऐप्स को हमेशा लेटेस्ट वर्जन पर रखना जरूरी है. इससे न केवल सुरक्षा खतरे कम होते हैं, बल्कि आपको नए फीचर्स और बेहतर परफॉर्मेंस भी मिलती है. इसलिए समय-समय पर अपने डिवाइस के सॉफ्टवेयर और ऐप्स को अपडेट करना एक सुरक्षित और समझदारी भरा कदम है.

ये भी पढ़ें: G-Mail से Zoho मेल...डेटा कैसे करें ट्रांसफर? स्टेप बॉय स्टेप जानें तरीका